स्मिथ ने विराट की अपील को सराहनीय कदम बताया

लंदन । ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज स्टीव स्मिथ ने उनकी हूटिंग कर रहे दर्शकों को रोकने के लिए भारतीय टीम के कप्तान विराट कोहली की तारीफ की है। प्रतिबंध से वापसी करने वाले स्मिथ को विश्व कप में शुरु से ही दर्शकों की हूटिंग का सामना करना पड़ रहा है। भारत के खिलापफ मैच में भी कुछ ऐसा ही हुआ पर विराट ने दर्शकों से हूटिंग रोकने को कहा जिसकी सभी लोगों ने सराहना की है। मैच के दौरान दर्शकों ने स्मिथ पर फब्तियां कसी और उन्हें धोखेबाज तक कहा। वहीं कोहली ने दर्शकों को ऐसा करने से रोका और इसके बजाए उनकी बल्लेबाजी का आनंद उठाने को कहा। भारत ने यह मैच 36 रन से जीता। हार्दिक पंड्या के आउट होकर बाहर जाने के दौरान स्मिथ जब थर्ड मैन पर जाने लगे तो दर्शकों ने उनकी हूटिंग शुरू कर दी। स्मिथ की असहजता को समझते हुए कोहली ने दर्शकों को इशारा किया कि वे ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान की हूटिंग करने की जगह उनका हौंसला बढ़ाएं।
श्रीलंका के खिलाफ मैच में मिली जीत के बाद स्मिथ ने कहा, 'विराट ने दर्शकों की हूटिंग को रोककर सराहनीय काम किया।' स्मिथ ने कहा कि इंग्लैंड के दर्शकों की हूटिंग से हालांकि उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता पर उन्होंने कोहली की तारीफ की। स्मिथ ने कहा, 'सच्चाई से कहूं तो दर्शक क्या कर रहे इससे मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता। मैं सिर्फ उसे नजरअंदाज कर रहा हूं लेकिन कोहली ने शानदार काम किया हालांकि कोहली और स्मिथ इससे पहले एक दूसरे को निशाना बनाते रहे हैं।' इनमें बेंगलुरु में 2017 में खेला गया टेस्ट मैच भी शामिल है, जब स्मिथ ने रेफरल में मदद के लिए ड्रेसिंग रूम की तरफ देखा और कोहली ने इसके लिए उनका मजाक उड़ाया था पर विश्व कप के मैच में कोहली ने दर्शकों से शांत बने रहने की अपील की तो फिर दोनों को हाथ मिलाते हुए भी देखा गया।
