आपसी मतभेद के कारण हारी टीम : पाक मीडिया

कराची । विश्व कप क्रिकेट में करारी हार के बाद पाकिस्तान में अब इसके लिए जिम्मेदार लोगों पर गुस्सा निकल रहा है। स्थानीय मीडिया ने इस हार के लिए खिलाड़ियों के बीच आपसी मतभेदों और कप्तान सरफराज अहमद से नाराजगी को एक बड़ा कारण माना है। मीडिया के अनुसार आउट होने के बाद सरफराज ने आपा खो दिया और इमाद तथा इमाम उल हक समेत खिलाड़ियों पर उनके खिलाफ गुटबाजी करने का आरोप लगाया। यह भी कहा जा रहा है कि टीम में दो गुट हैं जिनमें एक मोहम्मद आमिर का जबकि दूसरा इमाद वसीम का है। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया से मिली हार के बाद एक क्रिकेटप्रेमी ने सोशल मीडिया पर मौखिक संदेश जारी करके शोएब मलिक, इमाम और बाबर आजम पर सरफराज के खिलाफ गुट खड़ा करने का आरोप लगाया। खिलाड़ियों ने गुटबाजी से इनकार किया लेकिन कहा कि सरफराज काफी नाराज होकर ड्रेसिंग रूम में आए थे और अपना गुस्सा कुछ खिलाड़ियों पर निकाला था। एक खिलाड़ी ने कहा, ‘लेकिन वह हताशा की वजह से था। उन्होंने किसी पर आरोप नहीं लगाया या गुटबाजी की बात नहीं की। उन्होंने यह जरूर कहा कि खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन करना चाहिए।' पूर्व कप्तान मोईन खान ने कहा कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड का फर्ज है कि वह अपने प्रबंधन का साथ दे।
