पति की हैवानियत का शिकार महिला गंभीर

फरीदाबाद । एक शख्स ने पति-पत्नी के पवित्र रिश्तों को कलंकित करने का अमानवीय घटना को अंजाम दिया है। हरियाणा के फरीदाबाद में एक पति की हैवानियत सामने आई है। पत्नी से चल रहे झगड़े और मनमुटाव के चलते पति ने पहले तो पत्नी को धोखे से शराब पिलाई और फिर उसके शरीर पर चाकुओं से अनगिनत वार किए। बाद में आरोपी ने पत्थर से सिर कुचलकर अपनी पत्नी को मारने की कोशिश की। इसके बाद उसने उसे मरा हुआ समझकर जंगल में फेंक दिया और वहां से फरार हो गया। पीड़ित महिला की तकदीर अच्छी जो पुलिस ने समय रहते उसे घायल हालत में पड़ा देख लिया और उसे अस्पताल में भर्ती कराया। महिला की हालत गंभीर बनी हुई है।
फिलहाल पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। राजन नाम के इस शख्स पर आरोप है कि उसने पत्नी से चल रहे झगड़े के चलते उसकी हत्या का प्रयास किया। उसने चाकू से हमला कर उसे जान से मारने की कोशिश की जब वो इसमें कामयाब नहीं हुआ तो बड़ी ही बेरहमी से पत्थर से सिर कुचलकर महिला को मारने की कोशिश की। बाद में अपनी पत्नी को मरा हुआ समझकर वो उसे सूरजकुंड रोड पर फेंक कर फरार हो गया।
गनीमत ये रही उस समय इलाके में गश्त कर रही अनखीर चौकी की पीसीआर को सूरजकुंड रोड पर बनी झाड़ियों में एक गाड़ी दिखाई दी। पुलिस टीम जब उस गाड़ी के पास पहुंची तो चारों तरफ ताजा गिरे खून के निशान थे और गाड़ी में भी खून पड़ा था। पुलिस ने आसपास छानबीन की तो गाड़ी से दूर एक गड्ढे में खून से लथपथ महिला पड़ी मिली। पुलिस ने फौरन महिला को वहां से निकाल कर अस्पताल में भर्ती कराया जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। पुलिस ने आरोपी पति राजन को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस उसे 3 दिन की रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है। पीड़िता की बहन की मानें तो उनकी बहन और पति में अक्सर मारपीट होती थी जिसके चलते कोर्ट में उसके खिलाफ 4 केस चल रहे हैं। 12 जून को कोर्ट की तारीख के बाद राजन अपनी पत्नी को बात करने के बहाने अपने साथ ले गया था और फिर उसे जान से मारने की कोशिश की। अपनी बेटी के साथ हुई दरिंदगी से पीड़ित महिला की मां बेहद परेशान हैं। वो रोते हुए इंसाफ की गुहार लगा रही है और आरोपी को सख्त से सख्त सजा देने की मांग कर रही हैं।
