बड़ी बहन के सुसाइड के गम में १०वीं के छात्र ने दी जान

गुरुग्राम । गुरुग्राम की देवीलाल कॉलोनी में रहने वाली एक विधवा महिला की दुनिया ही उजड़ गई। उसका एकमात्र सहारा दसवीं में पढ़ने वाले बेटे ने रविवार रात फांसी लगाकर जान दे दी। एक माह पहले ही दसवीं में कंपार्टमेंट आने के चलते बेटी ने खुदकुशी कर ली थी। बताया जा रहा है कि बहन की मौत के बाद से ही भाई तनाव में रहने लगा था। बहन के गम में उसने आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
जांच अधिकारी सहायक उपनिरीक्षक मनोज का कहना है कि मृतक छात्र राहुल देवीलाल कॉलोनी में अपनी विधवा मां के साथ रहता था। इसी साल १०वीं बोर्ड में कंपार्टमेंट आने से दुखी होकर बड़ी बहन ने आत्महत्या कर ली थी। उसी घटना के बाद से राहुल भी तनाव में रहने लगा था।
जांच अधिकारी के मुताबिक, मार्च में हुई ९वी की परीक्षा पास कर राहुल १०वीं में आया था, लेकिन बहन की मौत के बाद से उसका व्यवहार पूरी तरह बदल गया था। वह दुखी रहने लगा था। रविवार दोपहर बाद राहुल की मां काम पर चली गई और देर रात वापस लौटी तो घर में वह पंखे से लटका हुआ मिला। घर की हालात देखकर वह जोर जोर से रोने लगी। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे पड़ोसियों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। इसके बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।
