नई एम्बुलेंस सेवा 108 का किया शुभारम्भ

अलीगढ़। जनपद के नोडल अधिकारी एवं प्रमुख सचिव सहकारिता एम0वी0एस0 रामी रेड्डी ने जिलाधिकारी चन्द्र भूषण सिंह के साथ आज पं0 दीनदयाल उपाध्याय संयुक्त चिकित्सालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में साफ-सफाई व्यवस्था बेहतर पाई गयी। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा0 याचना शर्मा द्वारा बताया गया कि अस्पताल में विशेषज्ञ डाक्टरों की कमी होने के कारण चिकित्सीय कार्य में थोड़ी कठिनाई आती है, जिस पर उन्होंने शासन को पत्र जारी कर अवगत कराने का आश्वासन दिया। निरीक्षण में पाया कि अस्पताल में लगभग 1300 मरीज प्रतिदिन परामर्श हेतु आते हैं जिसके लिए दवाओं की उपलब्धता एवं अन्य व्यवस्थाएं संतोषजनक हैं। उन्होंने सीएमएस को निर्देश दिये कि दवाओं की उपलब्धता हेतु लगाये गये टी0वी0 स्क्रीन पर प्रकाशिक सूचना को हिन्दी भाषा में भी प्रदर्शित किया जाये, इसके साथ ही डाक्टरों की कमी को पूर्ण करने के लिए सक्षम स्तर से प्रयास करें। अलीगढ़ में गॉल ब्लेडर स्टोन एवं किडनी स्टोन के मरीजों की संख्या अधिक पाये जाने पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिये कि अस्पतालों में इस बीमारी से बचाव हेतु “क्या करें और क्या न करें“ के चार्ट अस्पतालों में लगाते हुए इनका व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जाये। रेड्डी ने दीनदयाल अस्पताल के निरीक्षण में सर्वप्रथम ओपीडी से होते हुए रजिस्ट्रेशन कक्ष में गये जहां उन्होंने मरीजों के परिजनों द्वारा बनवाए जा रहे पर्चां की प्रक्रिया जा जायजा लेते हुए कहा कि पर्चा बनाते समय मोबाइल नं0 की बजाय आधार कार्ड नं0 का प्रयोग करें इससे मरीज की ट्रैकिंग करने में सुविधा होगी। इसके पश्चात उन्होंने दवा वितरण कक्ष का निरीक्षण किया जहां उन्होंने दवाओं की गुणवत्ता, वैधता एवं स्टोरेज जैसे महत्वपूर्ण बिन्दुओं पर जानकारी ली। उन्होंने जीरियाट्रिक वार्ड के निरीक्षण के दौरान देख कि लोहे के पाइप पड़े हुए हैं जिसको संज्ञान में लेते हुए मुख्य चिकित्सा अधीक्षक से जानकारी प्राप्त करने पर पता चला कि निर्माण कार्य में इनका प्रयोग किया जाना है। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कुछ मरीजां से भी बातचीत करते हुए व्यवस्था के सम्बन्ध में जानकारी ली जिस पर उन्हें संतोषजनक जवाब मिले। दीनदयाल अस्पताल के निरीक्षण में उन्होंने सीटी स्कैन, एक्स-रे, रेडियोलॉजी कक्ष, महिला, पुरूष, बाल एवं शिशु तथा सर्जीकल वार्डों का भी निरीक्षण करते हुए वहां की व्यवस्था एवं साफ-सफाई का जायजा लिया। निरीक्षण के पश्चात रेड्डी ने एम्बुलेंस सेवा 108 का उद्घाटन करते हुए 108 एवं 102 एम्बुलेंस सर्विस सेवा की जानकारी लेते हुए प्रतिमाह औसत किलोमीटर, वाहन में आवश्यक दवाओं एवं उपकरणों की उपलब्धता आदि बिन्दुओं का भी जायजा लिया। इस अवसर पर जिलाधिकारी चन्द्र भूषण सिंह, मुख्य विकास अधिकारी अनुनय झा, मुख्य चिकित्साधिकारी डा0एम0एल0 अग्रवाल, एडी हैल्थ सहित सम्बन्धित अधिकारी एवं अस्पताल के कार्मिक उपस्थित रहे।
