फरमानः फिजिकल सत्यापन में सही पाए गए जेबीटी शिक्षकों को ही मिलेगी नियुक्ति, फायदा उठाएं

हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के फिजिकल सत्यापन में सही पाए गए नवचयनित जेबीटी शिक्षकों को ही अब स्कूलों में ज्वाइनिंग मिलेगी। फारेंसिक लैब मधुबन की ओर से अयोग्य ठहराए गए जेबीटी का हाईकोर्ट के आदेश पर आयोग ने दोबारा से सत्यापन कराया है। सत्यापन संबंधी फाइल अभी आयोग में ही है, जिसे बुधवार शाम तक शिक्षा निदेशालय में पहुंचाने का आश्वासन चेयरमैन बीबी भारती ने सरकार को दिया है।बीते मार्च में ही जेबीटी के फिजिकल सत्यापन का कार्य पूरा हो गया था, लेकिन उसके बाद लोकसभा चुनाव के लिए आदर्श आचार संहिता लागू हो गई। इसके चलते इनकी ज्वाइनिंग संबंधी निर्णय सरकार नहीं ले पाई। अब इन नवचयनित जेबीटी की नियुक्ति को लेकर प्रयास शुरू हो गए हैं। मंगलवार को यहां जेबीटी शिक्षकों का प्रतिनिधिमंडल सीएम के पूर्व ओएसडी जवाहर यादव से मुलाकात की।
यादव ने उनकी पूरी बात सुनने के बाद स्कूल शिक्षा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव पीके दास से प्रतिनिधिमंडल की बातचीत कराई। दास ने कहा कि 141 जेबीटी का सत्यापन हुआ है, फाइल आने के बाद ही यह पता चलेगा कि कितनों के अंगूठे के निशान सही पाए गए हैं। सत्यापन में सही पाए गए शिक्षकों की ही ज्वाइनिंग कराई जाएगी।
प्रतीक्षा सूची में शामिल जेबीटी को भी मिलेगी नियुक्ति
एसीएस पीके दास ने कहा कि प्रतीक्षा सूची में शामिल जेबीटी को भी स्कूल शिक्षा विभाग ज्वाइनिंग देने की प्रक्रिया शुरू करेगा। जितने खाली पद होंगे, उतने ही चयनित शिक्षकों की नियुक्ति होगी। अगर कोई कानूनी अड़चन नहीं आई तो जल्दी इस प्रक्रिया को अंजाम दे दिया जाएगा।
