16 संस्कारों में विवाह संस्कार सबसे महत्वपूर्ण: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

अलीराजपुर: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि 16 संस्कारों में विवाह संस्कार सबसे महत्वपूर्ण होता है। आज अलीराजपुर में 1369 नवविवाहित जोड़ों को मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत 7 करोड़ 52 लाख रुपए की राशि दहेज के रूप में दी गई। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सभी दूल्हों से कहा कि हम अपनी बेटियों के रूप में अपने घर की रौनक आपको सौंप रहे हैं, अब इनका लालन-पालन आपकी जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव गुरूवार को अलीराजपुर में आयोजित सामूहिक विवाह सम्मेलन में शामिल हुए और वर-वधू को आशीर्वाद दिया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अलीराजपुर कलेक्टर को 220 केवी ग्रिड, ककराना घाट और कन्या खेल परिसर के लिए प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए, जिसे तत्काल स्वीकृत किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सामूहिक विवाह सम्मेलन में भाग लेने वाले नवविवाहित जोड़ों के परिजनों का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि अलीराजपुर की प्राकृतिक सुंदरता देखने लायक है। उन्होंने कहा कि नर्मदा मैया के तट पर बांध बनने से अलीराजपुर क्षेत्र में सिंचित भूमि का रकबा बढ़ा है और आर्थिक समृद्धि आई है।

आर्थिक विकास के लिए किए जा रहे प्रयास

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि अलीराजपुर जिले को मिली करीब 2000 करोड़ रुपए की सोंडवा उद्वहन परियोजना से दिसंबर 2024 में 169 गांवों को सिंचाई के लिए पानी मिलेगा। प्यासे खेत को जब पानी मिलेगा तो सोना जैसी फसल मिलेगी। उन्होंने कहा कि गेहूं की खरीदी 2600 रुपए प्रति क्विंटल की दर से की जा रही है। सरकार सभी किसानों से गेहूं खरीदेगी। उन्होंने कहा कि गेहूं पर 175 रुपए प्रति क्विंटल बोनस दिया जा रहा है। इसके साथ ही दूध की खरीदी पर भी 5 रुपए प्रति लीटर बोनस दिया जाएगा। सरकार का लक्ष्य प्रदेश के दूध उत्पादन को 9 प्रतिशत से बढ़ाकर 20 प्रतिशत करना है, ताकि किसानों को आय का नया जरिया मिले। 

विकास को समावेशी बनाने के लिए जिला विकास समिति का गठन किया जाएगा

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि शीघ्र ही जिला विकास समिति का गठन किया जाएगा। इसके माध्यम से जिले के गणमान्य नागरिकों एवं व्यवसायियों से सुझाव प्राप्त कर उन्हें जिले के समावेशी विकास की प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा। हीरा शोधन में जिले के कुशल नागरिकों को रोजगार के अवसर मिलेंः मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि अलीराजपुर जिला उद्योग विभाग के माध्यम से गुजरात के स्थान पर अलीराजपुर में हीरा शोधन का कार्य कराया जाएगा। इससे अलीराजपुर के कुशल नागरिकों को जिले में ही रोजगार मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश एकमात्र ऐसा राज्य है, जहां हीरा खदानों से प्राप्त होता है। हीरा शोधन का कार्य अलीराजपुर में ही कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कृषि आधारित उद्योग के माध्यम से रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी धरती आबा ग्राम उत्कर्ष योजना के तहत पक्के मकान बना रहे हैं, हर गांव में पानी और बिजली पहुंचा रहे हैं। मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के तहत प्रदेश की सवा करोड़ से अधिक बहनों को प्रतिमाह 1250 रूपये उनके खातों में भेजे जा रहे हैं। किसान सम्मान निधि के माध्यम से किसानों की मदद की जा रही है। नये उद्योग स्थापित किये जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव का भव्य स्वागत

कार्यक्रम स्थल पर ढोल की थाप पर आदिवासी नृत्य प्रस्तुत कर नृत्य दलों द्वारा पुष्प वर्षा के बीच मुख्यमंत्री डॉ. यादव का भव्य एवं आत्मीय स्वागत किया गया। मंत्री श्री नागर सिंह चौहान एवं सांसद श्रीमती अनिता नागर सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव को पुष्पगुच्छ, मुख्यमंत्री डॉ. यादव की हस्तनिर्मित तस्वीर, आदिवासी संस्कृति को दर्शाती पेंटिंग, धनुष-बाण एवं जैकेट भेंट कर स्वागत किया। जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती हजारी बाई खरात, जनपद अध्यक्ष श्रीमती सुनीता इंदर सिंह चौहान, श्री संतोष मकू परवाल सहित 1369 नवविवाहित जोड़े एवं उनके परिवारजन एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित थे।

Leave a Reply