माता-पिता और भाई पर किया जानलेवा हमला, पत्नी को मार डाला, दिमाग में बैठा था ये ‘शैतान’

बठिंडा के गांव रायके कलां में एक युवक ने साथियों के साथ मिलकर अपनी पत्नी, माता-पिता और भाई पर तेजधार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। हमले को अंजाम देने के बाद आरोपी हरदीप सिंह साथियों समेत फरार हो गया। हमले में पत्नी राजवीर कौर की मौत हो गई और आरोपी के पिता जसकरण सिंह और माता चरणजीत कौर गंभीर घायल हो गए। 
भाई अर्शदीप सिंह की हालत नाजुक बनी हुई है। थाना नंदगढ पुलिस ने घायल जसकरण सिंह के बयान पर आरोपी हरदीप सिंह और उसके अज्ञात साथियों के खिलाफ हत्या एवं हत्या करने के प्रयास के तहत केस दर्ज कर आगे की कारवाई शुरू कर दी है। 
थाना नंदगढ़ प्रभारी एसआई राजपाल सिंह ने बताया कि हरदीप सिंह ने कुछ माह पहले ही राजवीर कौर से शादी की थी। कुछ समय बाद ही हरदीप सिंह अपने छोटे भाई अर्शदीप सिंह पर शक करने लगा था कि उसकी पत्नी के साथ उसके संबंध है।

एसआई ने बताया कि हरदीप सिंह ने इसी बात को लेकर मंगलवार देर रात अपनी पत्नी, भाई, पिता और माता पर साथियों समेत तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। इस हमले में आरोपी की पत्नी राजवीर कौर की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई।

आरोपी के छोटे भाई अर्शदीप सिंह की हालत नाजुक बनी हुई है। एसआई ने बताया कि घायल जसकरण सिंह के बयान पर आरोपी एवं उसके अज्ञात साथियों के खिलाफ हत्या एवं हत्या करने के प्रयास के तहत केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। 

एसआई ने बताया कि सिविल अस्पताल में दाखिल जसकरण सिंह ने बयान में दर्ज करवाया है कि पंद्रह दिन पहले उसके आरोपी लड़के हरदीप सिंह ने उनको एवं अपने छोटे भाई को जान से मारने की धमकी दी थी। तब से ही आरोपी हरदीप सिंह घर से गायब था।

Leave a Reply