पिता ने बेटी से दुष्कर्म किया, गर्भवती हुई तो जहर देकर मार डाला

सीकर। सीकर के बराल गांव में रिश्तों और मानवता को शर्मसार करने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक पिता अपनी बड़ी बेटी (16) से लगातार दुष्कर्म करता रहा और जब वह गर्भवती हुई तो उसे एल्ड्रिन पिलाकर मार डाला। करीब 15 दिन पहले पिता के खिलाफ खुद से ज्यादती का मुकदमा दर्ज कराने वाली छोटी बेटी (14) ने अब यह खुलासा किया है। अपने मामा व नाना के साथ पुलिस के पास पहुंची छोटी बेटी ने आरोप लगाया कि पिता ने किसी को बताए बिना ही बड़ी बहिन का गुपचुप दाह-संस्कार भी कर दिया। एसपी डॉ. अमनदीप सिंह कपूर ने रानोली पुलिस को केस दर्ज कर जांच के आदेश दिए हैं। छोटी बेटी से दुष्कर्म मामले में पुलिस आरोपी पिता को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। नाबालिग ने बताया कि उसका पिता आदतन शराबी है। उसके पड़ोस में रहने वाली एक महिला से भी अवैध संबंध हैं। वह मां के साथ भी मारपीट करता था। 31 अप्रैल 2019 को उसके पिता और पड़ोसी महिला दोनों ही घर आए। मां और छोटी बेटी को मारपीट कर कमरे में बंद कर दिया तथा दुष्कर्म करने से गर्भवती हुई बड़ी बहन को दूसरे कमरे में ले जाकर गर्भपात के लिए उन्होंने उसे एल्ड्रिन पिला दिया। इसके बाद उसकी तबीयत खराब हो गई। बाद में उसे अस्पताल ले जाने की बात बोलकर दोनों घर से ले गए। नाबालिग ने बताया कि तीन मई को पिता और प्रेमिका उसकी बड़ी बहन को मृत अवस्था में लेकर पहुंचे। तब गुपचुप तरीके से 10 लोगों को साथ में लेकर दाह-संस्कार कर दिया। नाना-मामा घर आए तो भी उन्होंने किसी को कुछ नहीं बताने दिया। नाबालिग ने बताया कि उसके साथ दो जून को पिता ने मारपीट कर ज्यादती की। तब उसकी बुआ की बेटी घर आई थी। उसने नाना और बुआ को बुला लिया। तब उसने दोनों को ज्यादती किए जाने की बात बताई। इसके बाद रानोली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
