ट्रेन से गिरी बीएससी की छात्रा, गार्ड ने देखा तो रोकी गाड़ी, एक किमी पीछे जाकर पहुंचाया अस्पताल

हरियाणा के महेंद्रगढ़ के गांव मांडोला निवासी 20 वर्षीय छात्रा गुरुवार देर शाम ट्रेन से गिर गई। ट्रेन के गार्ड ने चेन खींचकर गाड़ी को रूकवाया। बीएससी की छात्रा सोनिया को ट्रेन के जरिए महेंद्रगढ़ पहुंचाया गया। महेंद्रगढ़ उप नागरिक अस्पताल में छात्रा को प्राथमिक उपचार देने के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया। फिलहाल छात्रा को रेवाड़ी के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार गांव मांडोला निवासी 20 वर्षीय सोनिया महेंद्रगढ़ के महिला कॉलेज में बीएससी सेकेंड ईयर की छात्रा है। वह पिछले कुछ दिनों से अपने मामा के घर लोहारू गई थी। गुरुवार शाम लोहारू से मांडोला आने के लिए जोधपुर-सराय रोहिल्ला ट्रेन में सवार हुई थी। परिजनों ने बताया कि सोनिया के सिर में दर्द महसूस हो रहा था।
इस कारण वह ट्रेन के दरवाजे पर बैठी थी। गांव नांगलमाला के पास मोड़ के चलते ट्रेन का झुकाव हो जाता है। सोनिया को हल्की झपकी के कारण वह चलती ट्रेन से गिर गई। गार्ड ने ट्रेन गुजरने के बाद छात्रा को गिरा देखा तो चेन खींची। स्पीड होने के कारण एक किलोमीटर आगे जाकर ट्रेन रुकी। इसके बाद गार्ड ने ट्रेन को बैक कराया और छात्रा को उपचार के लिए महेंद्रगढ़ लेकर आए।
महेंद्रगढ़ जीआरपी ने एंबुलेंस के जरिए छात्रा को उप नागरिक अस्पताल में पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। छात्रा को रेवाड़ी के आदित्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है। छात्रा को सिर व हाथ पर चोटें आई हैं। छात्रा की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है।
जिस क्षेत्र में हादसा हुआ वह लोहारू जीआरपी के अधीन है। हमने घायल को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। लोहारू जीआरपी चौकी ही इस मामले में बयान लेकर कर केस दर्ज करेगी।
