सहेजेंगे मालवा-निमाड़ की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत : लालवानी 

इन्दौर । मालवा-निमाड़ की धार्मिक और सांस्कृतिक परम्पराओं को सहेजने के लिए भरपूर प्रयास किए जाएंगे। इस संबंध में केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्रालय के माध्यम से चर्चा की जाएगी। बाणेश्वरी कावड़ यात्रा ने आम लोगों को जोडऩे का काम किया है। यह सराहनीय काम है, जो अनवरत जारी रहना चाहिए।
यह बात सांसद शंकर लालवानी ने कही। वे बाणेश्वर कावड़ यात्रा संघ एवं इंदौर प्रेस क्लब के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित महेश्वर से उज्जैन कावड़ यात्रा-2018 के फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी और रिपोर्टिंग स्पर्धा के पुरस्कार वितरण समारोह में बोल रहे थे। इंदौर प्रेस क्लब के सभागार में आयोजित समारोह में लालवानी ने कहा कि इंदौर की एक पहचान सांस्कृतिक गतिविधियों से भी है। दिल्ली में मुझे लोग मिलते हैं तो यहां के खान-पान, व्यापार के अलावा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी जिक्र करते हैं। बाणेश्वरी कावड़ यात्रा ने मालवा-निमाड़ को एक करने का काम किया है। मालवा और निमाड़ की संस्कृति को जोड़ना दो ज्योर्तिलिंग और दो पवित्र नदियों के प्रति आस्था को प्रदर्शित करने का काम इस यात्रा के माध्यम से हो रहा है। बाणेश्वरी कावड़ यात्रा संघ के संयोजक गोलू शुक्ला ने कहा कि 16 साल पूर्व चुनिंदा साथियों के साथ कावड़ यात्रा शुरू की थी। भगवान शिव की कृपा हुई और आज तीन लाख से ज्यादा लोग इस यात्रा से जुड़ चुके हैं। मीडिया का सहयोग हमेशा रहा है, इसलिए यात्रा के साथ फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी और रिपोर्टिंग स्पर्धा का आयोजन किया है। ये स्पर्धा हर साल आयोजित की जाएगी। इंदौर प्रेस क्लब अध्यक्ष अरविंद तिवारी ने कहा कि मालवा-निमाड़ की संस्कृति को बचाने की आज आवश्यकता है। दोनों क्षेत्रों की समृद्ध संस्कृति को दुनिया में पहचान मिले ऐसे प्रयास होना चाहिए। उन्होंने केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्रालय के माध्यम से कार्यक्रम आयोजित कराए जाने की बात कही।
:: ये लोग हुए पुरस्कृत :: 
फोटोग्राफी में प्रथम पुरस्कार अमित कुरील, द्वितीय जयेश मालवीय एवं तृतीय पुरस्कार संदीप जैन तथा जीतू बधोरिया को प्रदान किए गए। पॉंच विशेष पुरस्कार राजकुमार वर्मा, अम्बर नायक, पिंटू नामदेव, प्रदीप मालवीय तथा दिलीप भालेराव को दिए गये। वीडियोग्राफी श्रेणी में तीन विशेष पुरस्कार राजेश पिपलोदिया, सतीश गौड़ एवं विजय गुंजाल को प्रदान किये गए। इसी तरह रिपोर्टिंग में रामकृष्ण मुले, सुधीर पंडित और अशोक कुशवाह को सम्मान-पत्र और नगद राशि प्रदान की गई। दो दिवसीय छायाचित्र प्रदर्शनी इंदौर प्रेस क्लब के आनंद मोहन माथुर सभागार में आयोजित की गई है। जिसमें पुरस्कृत चित्रों के अलावा अन्य प्रतिभागियों के चित्र भी प्रदर्शित किए। प्रदर्शनी का उद्घाटन श्री लालवानी द्वारा फीता काटकर किया गया।
अतिथियों का स्वागत प्रेस क्लब उपाध्यक्ष संजय जोशी, सचिव हेमंत शर्मा, कोषाध्यक्ष दीपक कर्दम, कार्यकारिणी सदस्य संजय त्रिपाठी, चंदू जैन, शरीफ कप्तान, बंटी गुंजाल ने किया। कार्यक्रम का संचालन प्रदीप जोशी ने किया और आभार दीपेन्द्रसिंह सोलंकी ने माना। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मीडियाकर्मी एवं शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

Leave a Reply