दूध के खरीद मूल्य में 3 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी, यह देश में सर्वाधिक

पुष्कर/अजमेर ।अजमेर डेयरी ने दुग्ध उत्पादकों के खरीद मूल्य में 3 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी कर दी है। 26 जून से लेकर दीपावली तक अब इसी दर पर दूधियों के दूध की खरीददारी की जाएगी। इससे उन्हें दुग्ध उत्पादकों को दूध का औसत खरीद मूल्य 46 रुपए प्रति लीटर मिल सकेगा।  तीन रुपए बढ़ाने से अजमेर डेयरी लगभग 9 करोड़ का अधिक भुगतान देगी। लेकिन ग्राहकों के लिए खुशखबरी की बात यह है कि दूध के बिक्री मूल्य में फिलहाल कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है। दूध के खरीद मूल्य में एक साथ तीन रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी कर देने से अजमेर डेयरी पूरेे हिन्दुस्तान की पहली ऐसी डेयरी बन गई है जो दुग्ध उत्पादकों को दूध की सबसे अधिक दर दे रही है। अजमेर डेयरी के अध्यक्ष रामचंद्र चौधरी ने पत्रकारों को बताया कि 26 जून की सुबह से ही दुग्ध उत्पादकों को 7 रुपए प्रति फैट की दर से भुगतान किया जाएगा। इससे डेयरी द्वारा पशुपालकों को प्रतिदिन 7 लाख रुपए अतिरिक्त भुगतान किया जाएगा।  उन्होंने जानकारी दी कि मानसून के एक माह देरी से चलने, पशुओं को खिलाए जाने वाला भूसा व खाखला की दरें 800 रुपए प्रति क्विंटल तक पहुंच जाने व बाजार में पशु आहार महंगा होने और पशुओं के पीने के पानी की व्यवस्था नहीं होने के कारण महंगे दर पर पानी के टैंकर मंगवाकर पशुओं की प्यास बुझाने को देखते हुए अजमेर डेयरी ने दूधियों के हित में यह कदम उठाया गया है।  उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री दुग्ध उत्पादन संबल योजना से भी राज्य सरकार दो रुपए प्रति लीटर दूध का अनुदान दे रही है जो दूधियों को खरीद मूल्य में जोड़कर दिए जा रहेे हैं। 

Leave a Reply