मुख्यमंत्री के प्राथमिकता आधारित कार्यों पर शीघ्र कार्यवाही करें अधिकारी: अनूप 

अलीगढ़ ।  मुख्य सचिव उ0प्र0 शासन अनूप चन्द पाण्डेय ने वीडियो कांफ्रेंसिंग द्वारा प्रदेश के समस्त मण्डलायुक्त एवं जिलाधिकारियों को मुख्यमंत्री के प्राथमिकता आधारित कार्यों पर शीघ्र कार्यवाही करते हुए उनमें तेजी लाने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यालय में छात्रों की संख्या बढ़ाई जाए साथ बेसिक स्कूलों के शिक्षा के स्तर को भी बढ़ाया जाए। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिये कि गर्ल्स कॉलेजों के आसपास एन्टी रोमियो स्कॉड को और अधिक सक्रिय किया जाए जिससे वह शोहदों पर पैनी नजर रखें। पाण्डेय ने मुख्य चिकित्साधिकारियों से कहा कि संचारी रोग नियंत्रण के लिए पूरे जूलाई माह अभियान चलाकर कार्यवाही की जाए। उन्होंने वृक्षारोपण के सम्बन्ध में सभी विभागों को निर्देश दिये कि उनको दिये गये लक्ष्य के अनुसार गड्ढ़ा आदि खुदवाकर तैयारी पूर्ण कर लें। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 33 करोड़ नये पौधे लगाए जाने हैं जिसके लिए प्रत्येक जनपद एवं विभाग को उनका लक्ष्य निर्धारित कर दिया गया है। उन्होंने का कि प्रदेश में सफाई और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए साथ ही पेयजल की शुद्धता पर भी जोर दिया जाए। मुख्य सचिव ने आयुष्मान योजना के अन्तर्गत गोल्डन हैल्थ कार्डों का वितरण समय से सभी पात्र लाभार्थियों का कर दिया जाए और जो पात्र लाभार्थी हों उन्हें योजना में शामिल कर के कार्ड वितरित किये जाएं। उन्होंने कहा कि जनपद में चलाई जा रही लाभकारी योजनाओं एवं अन्य घटनाओं के बारे में प्रेस कांफ्रेंस कर मीडिया को अवगत कराया जाए। उन्होंने मा0 प्रधानमंत्री के पत्र का संज्ञान लेते हुए सभी अधिकारियों से कहा कि जल संचय योजना पर विशेष ध्यान देते हुए जनपद के सभी तालाबों की खुदाई कराई जाएं तथा जहां बन्दियां आदि अन्य संचय के जो साधन हों उन पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने गौसंरक्षण के सम्बन्ध में कहा कि सभी जनपदों को गौ आश्रय स्थल एवं गौवंश के पोषण के लिए चारे एवं पानी की व्यवस्था हेतु बजट आवंटित कर दिया गया है, सभी जिलाधिकारी गौशाला निर्माण कराकर निराश्रित गौवंश का सड़कों पर न घूमने दें। इस अवसर पर मण्डलायुक्त अजय दीप सिंह, जिलाधिकारी चन्द्र भूषण सिंह, संयुक्त विकास आयुक्त अतुल मिश्र, मुख्य विकास अधिकारी अनुनय झा, अपर जिलाधिकारी वित्त उदय सिंह, नगर आयुक्त सत्य प्रकाश पटेल, मुख्य चिकित्साधिकारी डा0 एम0एल0 अग्रवाल के साथ अन्य सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहे। 

Leave a Reply