धीमा पड़ा प्री-मानसून की बारिश का दौर, मानसून का इंतजार, जुलाई के दूसरे सप्ताह तक आने के आसार

जोधपुर । प्रदेश में प्री-मानसून की बारिश का दौर थम सा गया है। पारा फिर तल्ख होने लग गया है। प्रचंड गर्मी के बाद प्री-मानसून की बारिश से हुई ठंडक गायब होने लग गई है। सूरज की तपन एक बार फिर से आमजन को बेचैन करने लगी है।लोगों को अब मानसून का इंतजार है। लेकिन अभी उसके लिए थोड़ा और इंतजार करना पड़ेगा। अमूमन 15 जून के बाद राजस्थान में दस्तक देने वाले मानसून के इस बार थोड़ी देरी से आने की संभावना है। 
मौसम विशेषज्ञों की मानें तो इस बार जुलाई का पहला सप्ताह भी मानसून के इंतजार में निकल सकता है। दूसरे सप्ताह तक इसके राजस्थान में प्रवेश करने की संभावना है। मानसून को लेकर गत पांच वर्षों में उसके प्रदेश में आने के समय नजर डाले तो यह चार बार 20 से 30 जून के बीच ही आया है। चार साल पूर्व 2014 में मानसून ने राजस्थान में जुलाई के प्रथम सप्ताह में दस्तक दी थी। उसके बाद लगातार चार वर्ष से यह जून माह में ही आता रहा है। गत वर्ष मानसून ने 29 जून को प्रदेश में दस्तक दी थी। वहीं उससे पहले वर्ष 2017 में 27 जून को मानसून आ गया था। इस बार मानसून पहले ही देरी से आगे बढ़ रहा है, लिहाजा राजस्थान में भी इसकी एंट्री देरी से ही होगी। 
दूसरी तरफ प्रदेश में प्री-मानसून की बारिश का दौर अब थम सा गया है।दो-तीन दिन पहले जोधपुर संभाग मुख्यालय समेत नागौर और पाली जिले में हुई बारिश के बाद एक-दो जगह महज हल्की बूंदाबांदी ही हुई है।रविवार को राजधानी जयपुर में दोपहर में बादलों ने डेरा डाला जरूर, लेकिन छितराई हुई हल्की बारिश कर पाए, जिससे उमस और बढ़ गई। 

Leave a Reply