6 माह पहले दोस्त ने कर दी हत्या और परिजन सोचते रहे यूरोप गया बेटा

गुरुग्राम । छह माह पहले ही एक युवक की दोस्त ने हत्या कर दी और परिजन सोचते रहे कि बेटा यूरोप चला गया है। अब छह माह बाद पता चला है कि उसी के दोस्त ने उसकी हत्या कर दी। पूरे मामले मे पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामला गुरुग्राम का है, जहां हिमाचल के शिमला के रोहडू निवासी युवक की हत्या कर दी गई। मिली जानकारी के अनुसार, यूरोप का वीजा लगाने के लिए छह माह पहले रोहड़ू का युवक अपने दोस्त के पास गुरुग्राम आया था। जिसके बाद से ही वह लापता हो गया। इस दौरान आरोपी युवक परिजनों को गुमराह करता रहा कि वह यूरोप चला गया है। पंरतु बाद में पुलिस पूछताछ में इस ब्लाइंड मर्डर में खुलासा हो गया। एक रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने युवक के शव को लावारिस समझ अंतिम संस्कार भी कर दिया था। लेकिन जांच में हत्या की बात सामने आई तो पुलिस ने युवक के दोस्त और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मृतक की पहचान ललित चौहान (28) गांव करछारी, रोहड़ू के रूप में हुई है। वहीं, आरोपी की शिनाख्त तहसील रोहड़ू की कुई पंचायत के लोकेश के रूप में हुई है। गौरतलब है कि हत्यारोपी वीजा लगवाने वाली एक कंपनी में कार्यरत है। बताया जा रहा है कि पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कबूला है कि दोनों ने 5 जनवरी को साथ मिलकर नशा किया और ललित को ज्यादा नशीला पदार्थ देने के बाद हत्या कर दी।
मामले में पैसों के लेन-देन को हत्या की वजह माना जा रहा है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि होटल मैनेजमेंट करने के बाद मृतक युवक दो साल थाईलैंड में रह चुका था, जिसके बाद वह यूरोप जाने की तैयारी में था। 23 दिसंबर को गुरुग्राम में दोस्त लोकेश के पास गए ललित से चार जनवरी के बाद से परिजनों का संपर्क नहीं हो पाया। हत्या के बाद कुछ दिन बाद लोकेश वापस अपने गांव में लौट आया। इस दौरान जब परिजनों ने आरोपी लोकेश से संपर्क किया तो वह ललित के कभी दिल्ली तो कभी यूरोप चले जाने की बात कहता। जिसके बाद 30 मार्च को परिजनों ने ललित के लापता होने की सूचना रोहड़ू पुलिस थाने में दी। युवक के परिजन आरोपी को साथ लेकर उसकी तलाश के लिए दो बार गुरुग्राम गए, लेकिन आरोपी उन्हें गुमराह करता रहा। बाद में अप्रैल में परिजनों ने गुरुग्राम पुलिस थाने में ललित के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई।
गुरुग्राम के सेक्टर-29 स्थित रेस्टोरेंट के मैनेजर ने सात जनवरी, 2019 को हरियाणा पुलिस को सूचना दी कि उनके रेस्टोरेंट के पीछे युवक का शव पड़ा है। जिसके बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाया। रिपोर्ट में सिर पर गहरी चोट को मौत का कारण बताया गया। परंतु शव की शिनाख्त न होने पर पुलिस ने अज्ञात शव का 11 जनवरी को अंतिम संस्कार करवा दिया। इसके बाद मामले की जांच क्राइम ब्रांच को सौंपी गई, जिसने आरोपी को 21 जून को दिल्ली में दबोचा है। न्यायालय से रिमांड पर लेने के बाद आरोपी को हरियाणा क्राइम ब्रांच की टीम लाई है।
