चूहे ने कुतर दिया मरीज की आंख, मनपा आयुक्त को समन

मुंबई। मुंबई महानगरपालिका द्वारा संचालित बाला साहेब ठाकरे ट्रॉमा सेंटर में इलाज करा रहे एक मरीज की आंख चूहे ने कुतर दी थी. राज्य मानवाधिकार आयोग ने इस मामले में मुंबई महानगरपालिका के आयुक्त को समन भेजा है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, अप्रैल 2018 में परमिंदर गुप्ता (27) को बाला साहेब ठाकरे ट्रॉमा सेंटर में भर्ती किया गया था. इलाज के दौरान मरीज गुप्ता की दाहिनी आंख के ऊपर वाले हिस्से को चूहे ने कुतर दिया था. इसके बाद परिजन ने काफी हंगामा मचाया था. इतना ही नहीं इलाज के दौरान मरीज परमिंदर गुप्ता की मौत भी हो गई थी.अस्पताल ने मौत का कारण मरीज के दिमाग का सही से काम न करना बताया था. मामले के एक साल बाद मानवाधिकार आयोग ने मनपा आयुक्त को समन जारी कर इस बारे में पूरी जानकारी मांगी है. साथ ही उस वक्त अस्पताल प्रशासन ने परिजन के आरोपों का खंडन किया था. ऐसे में प्रशासन को अस्पताल द्वारा किए गए खंडन को भी साबित करने को कहा गया है.
