कर्ज में डूबे किसान ने की आत्महत्या, राजस्थान सरकार पर वादे से मुकरने का आरोप

राजस्थान के श्री गंगानगर जिले में कर्ज में डूबे किसान की आत्महत्या की खबर मिलते ही देश भर में हाहाकार मच गया है। राजस्थान पुलिस ने बताया कि रविवार को श्री गंगानगर जिले के रायसिंहनगर इलाके में कर्ज में डूबे एक किसान ने सल्फास खाकर आत्महत्या कर ली थी। उसने मरने से पहले फेसबुक पर एक वीडियो और दो पन्नों के सुसाइड नोट की तस्वीर शेयर की थी। खबर है कि सोहन लाल ने खेती के लिए करीब ढाई लाख रुपए का कर्ज लिया था, जिसे चुका पाने में मुश्किलें आ रही थीं। सोहन लाल ने मरने से पहले अपने नोट और वीडियो में राज्य की कांग्रेस सरकार पर चुनाव के दौरान किए गए वादों से मुकरने का आरोप लगाते हुए उन्हें ही जिम्मेदार ठहराया है।

सोहन लाल के अनुसार विधानसभा चुनावों के दौरान कांग्रेस ने राज्य के किसानों की कर्जमाफी का वादा किया था, लेकिन अब तक कर्ज माफ नहीं किए गए। वीडियो में उन्होंने अशोक गहलोत की सरकार से किसानों की समस्याओं पर ध्यान देने का आग्रह किया, साथ ही बाकी किसान दोस्तों से अपील की कि जब तक किसानों को उनका हक नहीं मिल जाता, तब तक अंतिम संस्कार न किया जाए।

राज्य के उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट ने सोहन लाला की मौत पर खेद जताते हुए कहा कि अभी जांच की जा रही है। पायलट ने कहा कि मुझे मिली जानकारी के मुताबिक सोहन लाल के ऊपर किसी तरह का कर्ज नहीं था। राजस्थान सरकार किसानों के कल्याण और उनके भविष्य को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

हालांकि रायसिंहनगर के थाना प्रभारी ने बताया कि सोहन लाल के पड़ोसियों ने पुलिस को सुसाइड नोट दिया था, जिसकी जांच की जा रही है। 

Leave a Reply