गुजरात में लगातार दूसरे दिन मेघा की कृपादृष्टि बरकरार

अहमदाबाद| गुजरात में मानसून के आगमन के बाद लगातार दूसरे दिन तेज हवा के साथ जोरदार बारिश हुई| भारी बारिश के चलते कई इलाकों में जलजमाव ने लोगों की मुश्किलें जरूर बढ़ा दी, लेकिन गर्मी और उमस से राहत भी दिलाई| राज्यभर में तेज हवा और धूमधड़ाके के साथ मूशलाधार बारिश हुई है| भारी बारिश के कारण राज्य में कई जगह पानी भर गया| साथ ही मौसम ठंडा होने से लोगों के उमस से राहत मिली| किसानों के लिए बारिश खुशी लेकर आई| कृषि योग्य बारिश होने से किसानों ने बुवाई कार्य शुरू कर दिया| अहमदाबाद, विरमगाम, राजकोट, गोंडल, भावनगर, अमरेली, सावरकुंडला और बगसरा इत्यादि शहर समेत ग्रामीण इलाकों में मेघा जी भर के बरसे| मूशलाधार बारिश के चलते कई नदियां उफान मारने लगीं| भावनगर की वरंडी नदी में भारी बारिश के चलते नई जल राशि की आय हुई| राजकोट में मूशलाधार बारिश के कारण सड़कें नदियों में तब्दील हो गई| अहमदाबाद में भारी बारिश से लोगों को खुशी जरूर हुई, लेकिन कई जगह जमीन धंसने से लोगों का मुश्किलों का सामना करना पड़ा| भारी बारिश से लोगों के लिए राहत के साथ मुश्किलें भी बढ़ गईं| सुरेन्द्रनगर, जोरावरनगर और रतनपर इत्यादि शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में बारिश हुई है| बोटाद जिले के अलग अलग तहसीलों में बारिश होने से वातावरण ठंडा हो गया| गिर सोमनाथ की ऊना तहसील में तेज हवा के जोरदार बारिश हुई| दक्षिण गुजरात में जबर्दस्त बारिश हुई| सूरत में भारी बारिश के कारण जगह जगह पानी भर गया| सूरत के लिंबायत झोन ऑफीस के निकट पानी भर गया| बरसाती पानी की गटर में निकासी नहीं होने के कारण सड़कें नदियों में तब्दील हो गईं| भारी बारिश होने से मध्य गुजरात के छोटाउदेपुर की ओरसंग नदी में नई जलराशि आने से लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई| छोटाउदेपुर और ऊपरी हिस्सों में हुई बारिश के कारण ओरसंग नदी में नए पानी की आय हुई है| नदी में नई जल राशि आने से स्थानीय लोगों को पानी की समस्या से निजात मिलेगी| पूर्वी कच्छ में भी मौसम का मिजाज बदल गया है| भचाऊ, सामखियाली और ललियाणी इत्यादि क्षेत्रों में तेज बारिश होने से मौसम सुहाना हो गया| भचाऊ में मूशलाधार बारिश होने से निचले इलाके जलमग्न हो गए| अमरेली जिले की धारी तहसील के मीठापुर से गुजरती नदी में बाढ़ आ गई| ऊपरी हिस्सों में बारिश होने से शेत्रुंजी नदी में बाढ़ गई है| नदी में नई जलराशि के आगमन से लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई और नजारा देखने नदी किनारे जमा हो गए| मौसम विभाग के मुताबिक अगले 48 घंटों के दौरान सौराष्ट्र और दक्षिण गुजरात में भारी बारिश होने की संभावना है|

Leave a Reply