अहमदाबाद में कई जगह मूशलाधार बारिश, निचले इलाकों में भरा पानी

अहमदाबाद | अहमदाबाद के कई क्षेत्रों में मूशलाधार बारिश होने से मौसम सुहाना हो गया और लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली| लेकिन निचले इलाकों में पानी भरने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गईं| बुधवार को अहमदाबाद समेत गुजरात के कई जिलों में बारिश हुई है| अहमदाबाद के पश्चिमी क्षेत्र एसजी हाईवे, श्यामल, वेजलपुर, मकरबा, सेटेलाइट, बोपल, सरखेत और जुहापुरा, पूर्वी क्षेत्र के सीटीएम, नारोल, वटवा, जशोदानगर, रखियाल, घोडासर, इसनपुर, खोखरा, हाटकेश्वर, अमराईवाडी, वस्त्राल इत्यादि इलाकों में जबर्दस्त बारिश हुई| मूशलाधार बारिश के कारण कई सड़क धंस गई और यातायात भी प्रभावित हुआ| भारी बारिश के कारण मौसम आह्लादक हो गया और लोग बारिश की मजा लेने घरों से बाहर निकल पड़े| स्टेट इमर्जंसी ऑपरेशन सेंटर से मिली जानकारी के मुताबिक 26 जून की सुबह 6 बजे से दोपहर 2 बजे तक राज्य की 12 तहसीलों में झमाझम बारिश हुई| सुबह छह से आठ बजे तक राज्य की चार तहसीलों में हलकी बारिश हुई, जिसमें भरुच जिले की वागरा, बनासकांठा की वाव, सुरेन्द्रनगर की थानगढ़ और अरवल्ली की भिलोडा तहसील शामिल है| सुबह 8 से 10 बजे तक बारिश ने विराम लिया| सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक 8 तहसीलों में बारिश शुरू हो गई, जिसमें चार घंटे के दौरान गिर सोमनाथ जिले की ऊना तहसील में 60 मिमी, अरवल्ली जिले की बाबरा तहसील में 28 मिमी, सूरत शहर में 19 मिमी, गिर सोमनाथ जिले की तालाल में 10 मिमी बारिश हुई| जबकि अमरेली, लाठी, महुवा और अहमदाबाद शहर में झमाझम बारिश हुई|
