पांच महीने में 50 हजार चालान, इनमें 12 हजार रॉन्ग साइड गाड़ी चलाने पर कटे

जोधपुर। शहर में दुपहिया व चारपहिया वाहन चलाने वालों में ऐसे लोगों की भरमार है, जो रॉन्ग साइड में गाड़ी चलाते हैं और इसकी पुष्टि यातायात पुलिस द्वारा पिछले पांच महीने में किए गए 50,509 चालान डाटा से हुई है। इसमें रॉन्ग साइड गाड़ी चलाने पर सर्वाधिक 12412 वाहन चालकों के चालान बनाए गए। इनके बाद दूसरे नंबर पर ऐसे दुपहिया वाहन चालक हैं, जिन्होंने खुद ने या उनके पीछे बैठने वाली सवारी ने हेलमेट नहीं पहना था। ऐसे चालानों की संख्या 9100 रही। तीसरे नंबर पर ऐसे वाहन चालक हैं, जो जहां मर्जी हुई, वहां गाड़ी खड़ी कर देते हैं। यानी, नो पार्किंग में वाहन खड़ा करने पर 7784 लोगों के चालान बने। पिछले पांच माह में यातायात पुलिस द्वारा बनाए गए 50509 चालान में से 39429 पर 7 लाख 63 हजार 800 रुपए जुर्माना राशि वसूल की गई। जबकि शेष 11,080 चालान पर कोर्ट द्वारा निर्णय लिया गया। एडीसीपी (ट्रैफिक) निर्मला विश्नोई के अनुसार परिवहन विभाग द्वारा पूर्व में जारी अधिसूचना को लागू करने के आदेशों की पालना की जा रही है। इसके तहत नगरीय परिवहन वाहन संचालन करने वाले स्टाफ के वर्दी नहीं पहनने पर पूर्व में 100 रुपए जुर्माना लगता था, अब ऐसा करने वालों के चालान का निस्तारण कोर्ट से होगा। इसी तरह, परमिट शर्तों का उल्लंघन करने वाले वाहन संचालक पर पूर्व में 1250 रुपए जुर्माना लगता था, लेकिन अब इस श्रेणी के चालान का निस्तारण भी कोर्ट से होगा। दुपहिया वाहन चलाने वाले या पीछे बैठने वाले के हेलमेट नहीं लगा होने पर 100 रुपए जुर्माना लगेगा। पूर्व में यह राशि 200 रुपए थी। बिना सीट बेल्ट लगाए वाहन चलाने वाले वाहन चालकों पर भी अब 300 की बजाय 100 रुपए का जुर्माना लगेगा। राइकाबाग बस स्टैंड से पावटा आने या ब्रिज चढऩे के लिए अधिकांश लोग रॉन्ग साइड ही चलते हैं। एमआईए सर्किल से ट्रांसपोर्ट नगर के भीतर जाने के लिए भी लोग रॉन्ग साइड वाहन चलाते हैं।

Leave a Reply