G20 Summit: पीएम मोदी बोले – भारतीयों ने पहले से भी मजबूत सरकार बनाई

ओसाका। G20 Summit 2019 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी- 20 समिट में हिस्सा लेने के लिए जापान (Japan) के ओसाका (Osaka) में हैं। पीएम मोदी ने जापान के प्रधानमंत्री शिंजो एबी (Shinzo Abe) के साथ मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं ने मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड रेलवे की प्रगति पर भी चर्चा की।
शिंजो एबी ने चुनावों में भारी जीत के लिए एक बार फिर पीएम मोदी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि अब भारत आने की मेरी बारी है और मैं अपनी यात्रा का बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं। पीएम मोदी ने भी जापान के पीएम शिंजो एबी को बधाई देने के लिए धन्यवाद दिया। पीएम मोदी ने कहा कि आप भारत के पहले मित्र थे जिन्होंने मुझे फोन पर बधाई दी। मैं इतनी गर्मजोशी से स्वागत के लिए आपका और जापान सरकार का आभार व्यक्त करता हूं।

भारतीय समुदाय को किया संबोधित 
भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा ' 7 महीने बाद एक बार फिर मुझे जापान की धरती में आने का मौका मिला है। पिछली बार जब मैं आया था तब मेरे मित्र शिंजो आबे पर भरोसा कर आपने उन्हें जिताया था। इस बार जब मैं आया हूं तब दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र ने इस प्रधान सेवक पर पहले से ज्यादा विश्वास जताया है।1971 के बाद देश ने पहली बार एक सरकार को प्रो-इन्कम्बेंसी जनादेश दिया है। यह जीत सच्चाई की जीत है, भारत के लोकतंत्र की जीत है। 130 करोड़ भारतीयों ने पहले से भी मजबूत सरकार बनाई है। यह बहुत बड़ी घटना है। 3 दशक बाद पहली बार लगातार दूसरी बार पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई है।'

बापू के तीन बंदरों  का संबंध जापान से 
पीएम ने कहा कि बापू ने जिन 3 बंदरों के माध्यम से 'बुरा मत देखो, बुरा मत सुनो, बुरा मत बोलो' का संदेश दिया उनका संबंध जापान से है। जब दुनिया के साथ भारत के रिश्तों की बात आती है तो जापान का उसमें एक अहम स्थान है। ये रिश्ते आज के नहीं हैं, बल्कि सदियों के हैं। इनके मूल में आत्मीयता है, सद्भावना है, एक दूसरे की संस्कृति और सभ्यता के लिए सम्मान है। जापान के पीएम आबे के साथ मैं यहां के कई शहरों की यात्रा कर चुका हूं। पिछले साल उन्होंने यामानाशी में स्थित अपने घर में मुझे आमंत्रित किया था। पीएम आबे भी मेरे संसदीय क्षेत्र वाराणसी आ चुके हैं। 

 

भगोड़े आर्थिक अपराधियों के मुद्दे पर चर्चा
विदेश सचिव विजय गोखले ने बताया कि पीएम मोदी और जापानी पीएम शिंजो एबी के बीच द्विपक्षीय संबंधों पर चर्चा हुई। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच भगोड़े आर्थिक अपराधियों के मुद्दे पर भी बात हुई। इसके अलावा दोनों नेताओं ने मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड रेलवे और वाराणसी में बन रहे कन्वेंशन सेंटर पर संक्षिप्त चर्चा की। शुक्रवार को जापान, भारत और अमेरिका के बीच त्रिपक्षीय बैठक होगी, जिसमें इंडो-पैसिफिक पहल पर तीनों देश चर्चा करेंगे।

एयरपोर्ट पर लगे मोदी-मोदी के नारे
इससे पहले ओसाका एयरपोर्ट पर पीएम मोदी का जोरदार स्वागत हुआ। एयरपोर्ट पर मौजूद भारतीय समुदाय के लोगों ने मोदी-मोदी और भारत माता की जय के नारे लगाए। इस दौरान पीएम मोदी ने वहां खड़े बच्चों से भी मुलाकात की। 

 

आतंकवाद का मुद्दा सबसे अहम
जापान के दौरे से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि उनके एजेंडे में महिला सशक्तीकरण, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और आतंकवाद से लड़ेने की चुनौतियों जैसे अहम मुद्दे ज्यादा होंगे।

 

डोनाल्ड ट्रंप ओसाका के लिए रवाना
जी-20 सम्मेलन में हिस्सा लेने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी ओसाका के लिए रवाना हो गए हैं। इस दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पीएम मोदी से मुलाकात को लेकर एक ट्वीट किया। ट्रंप ने कहा कि मैं प्रधानमंत्री मोदी के साथ बात करने के लिए उत्सुक हूं। उन्होंने कहा कि भारत अमेरिका पर बहुत अधिक शुल्क लगा रहा है, अभी हाल ही में शुल्क में और वृद्धि की गई है। यह अस्वीकार्य है और शुल्क को वापस लेना चाहिए।

ट्रेड वार चिंता का विषय
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी छठी बार इस सम्‍मेलन का हिस्‍सा बने है। इस सम्‍मेलन में उठने वाले ट्रेड वार के मुद्दे को लेकर भारत चिंतित है। इस मुद्दे को भी उठाने वाला अमेरिका ही है। अमेरिका का चीन के साथ-साथ भारत से भी ट्रेड वार चल रहा है। अमेरिका चाहता है कि उसके यहां से आने वाले सामान पर किसी तरह का कोई कर न लगाया जाए।

 

क्यों खास है G-20 का मंच
बता दें कि वैश्विक मंच होने की वजह से यहां पर उठने वाले सभी मुद्दे खास अहमियत रखते हैं। अमेरिका के लिए यह मंच इसलिए बेहद खास है क्‍योंकि यहां से उठी आवाज सभी देशों के लिए होती है। यहां पर राष्‍ट्रपति डोनाल्‍ड ट्रंप जो कुछ कहेंगे वह दूसरे देशों के लिए भी स्‍पष्‍ट इशारा होगा और कुछ देशों के लिए चेतावनी भी होगी।

G-20 में ये देश हैं शामिल 
जी-20 सदस्यों में अर्जेंटीना, ऑस्ट्रेलिया, ब्राजील, कनाडा, चीन, यूरोपियन यूनियन, फ्रांस, जर्मनी, भारत, इंडोनेशिया, इटली, जापान, मैक्सिको, रूस, सऊदी अरब, साउथ अफ्रीका, साउथ कोरिया, तुर्की, ब्रिटेन और अमेरिका शामिल है। जी-20 में दुनिया का 80 प्रतिशत व्यापार, दो-तिहाई जनसंख्या और दुनिया का करीब आधा हिस्सा शामिल है।

Leave a Reply