मैंने कांग्रेस पार्टी के पदों से इस्तीफा दिया है, सदस्यता से नहीं : अल्पेश ठाकोर

अहमदाबाद | राधनपुर से विधायक अल्पेश ठाकोर ने गुरुवार को कहा कि उन्होंने कांग्रेस पार्टी के पदों से इस्तीफा दिया था, कांग्रेस की सदस्यता से नहीं| इससे पहले अल्पेश ठाकोर ने गुजरात हाईकोर्ट में चौंकाने वाला हलफनामा पेश कर कहा था कि उन्होंने कांग्रेस से इस्तीफा दिया ही नहीं है तो उन्हें विधायक पद के अयोग्य ठहराने का सवाल ही नहीं उठता| बता दें कि लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस से इस्तीफे का ऐलान कर चुके अल्पेश ठाकोर ने विधायक पद नहीं छोड़ा है| अल्पेश ठाकोर को विधायक पद से अयोग्य ठहराने के लिए कांग्रेस ने गुजरात हाईकोर्ट में अपील की थी| हाईकोर्ट की नोटिस के बाद अल्पेश ठाकोर ने गुरुवार को हलफनामा पेश कर कहा कि उन्होंने कांग्रेस से इस्तीफा नहीं दिया|
शाम को मीडिया के सामने आए अल्पेश ठाकोर ने कहा कि कोर्ट में चल रहे मामले पर उस बारे में वह कुछ नहीं कहेंगे| लेकिन कुछ सवालों का जवाब देना चाहता हूं| अल्पेश ठाकोर ने कहा कि उन्होंने पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दिया था| साथ ही उस वक्त स्पष्ट किया था कि मैंने पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दिया है, कांग्रेस की सदस्यता से नहीं| अल्पेश ने कहा कि उन्होंने कांग्रेस की सदस्यता से इस्तीफा नहीं दिया है क्योंकि मुझे राधनपुर क्षेत्र की जनता के काम करने हैं| इसलिए आसानी से विधायक पद से इस्तीफा नहीं दे सकता| उन्होंने स्पष्ट किया कि मैं कांग्रेस के सभी पदों से इस्तीफा दिया है और अब पार्टी में लौटने वाला नहीं हूं| अल्पेश ठाकोर ने कहा कि 2019 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस जैसे अल्पेश ठाकोर के खिलाफ हार गई हो, इस प्रकार मुझे बदनाम करने पर उतर आई है| जनता की नब्ज परखने में असफल कांग्रेस को आत्मचिंतन करने की जरूरत है, जो वह करना नहीं चाहती| पार्टी के नेता अपने कार्यकर्ताओं को समझाने में नाकाम रहे हैं| कांग्रेस के नेताओं को केवल अपनी कुर्सी की चिंता है| लोकसभा चुनाव में करारी हार के बाद भी कांग्रेस नेताओं में कोई पीड़ा नहीं है और हार की जिम्मेदारी लेने को तैयार नहीं हैं| उन्होंने कहा कि जब गरीब जनता विपक्ष पर अपनी समस्याओं को उठाने की उम्मीद लगाई बैठी हो, तब पार्टी के नेता सरकार के विरोध में गलत बयानी करते हैं| छोटी-मोटी बातों का प्रोप्रोगेन्डा बनाकर मीडिया में बने रहने का प्रयास करते हैं|

Leave a Reply