बैंककर्मी की चलती ट्रेन में चाकू गोदकर हत्या

लखीसराय । बिहार में आए दिन हो रहीे आपराधिक वारदातों का एक और मामला सामने आया है। ताजा मामला राज्य के लखीसराय का है, जहां चलती ट्रेन में एक बैंककर्मी की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई। मामला गया-किऊल पैसेंजर ट्रेन से जुड़ा है, जहां जमुई लौट रहे बैंककर्मी पर ट्रेन में ही अपराधियों ने हमला किया और चाकू मारकर उसे गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। लखीसराय स्टेशन पर स्थानीय लोगों की मदद से ट्रेन से इलाज के लिए बैंककर्मी को सदर अस्पताल मे भर्ती करवाया, जहां उसकी मौत हो गई। जानकारी के अनुसार केनरा बैंक जमुई मे पदस्थापित मिलिंद कुमार मधुर बीती रात गया से गया-किऊल ट्रेन से लौट रहे थे। इसी दौरान ट्रेन में ही अपराधियों ने धारदार हथियार से बैंककर्मी को कई जगहों पर वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। आशंका है कि लूटपाट के दौरान यह घटना घटी है। गंभीर रूप से जख्मी बैंककर्मी ने इसकी सूचना अपने सहकर्मियों को दी और बताया कि अपराधियों ने उनको चाकू मारकर बुरी तरह से जख्मी कर दिया है।
इस पर बैंककर्मी के सहयोगी लखीसराय स्टेशन पहुंचे और गंभीर स्थिति में उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल मे भर्ती करवाया, जहां उसकी मौत हो गई। बैंककर्मी बेतिया जिले के रहने वाला बताया जा रहा है। वारदात की जानकारी मिलने पर शेखपुरा जीआरपी लखीसराय सदर अस्पताल पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की। घटना को शेखपुरा-लखीसराय के बीच अंजाम दिया। बैंककर्मी की हत्या से आक्रोशित लोगों ने लखीसराय- सिकंदरा मुख्य मार्ग को सदर अस्पताल मुख्य द्वार पर जाम कर दिया और इस घटना को पुलिस की लापरवाही करार दिया। जाम की सूचना मिलने के बाद लखीसराय के एएसपी मनीष कुमार ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझा बुझाकर जाम को खत्म करवाया और जल्द ही कार्रवाई का आश्वासन दिया।
