बेटे को पीटने के बाद घर में घुसकर मां सहित दो को मारी गोली

खगड़िया । बिहार में एक बार फिर आपराधिक मामला सामने आया है। ताजा मामला राज्य के खगड़िया का है, जहां मामूली से विवाद को लेकर दो महिलाओं को गोली मार दी। घटना जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के उमेश नगर तारतर गांव की है। बताया जा रहा है कि मामूली विवाद के बाद गांव के ही दबंग ने एक परिवार को निशाना बनाया। दबंग ने दो महिलाओं को गोली मार दी, जिसके बाद दोनों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां दोनों महिलाओं का इलाज जारी है। दोनो महिलाओं के पैर में गोली लगी है। अस्पताल पहुंची पुलिस ने घायलों का बयान लिया और नामजद आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। घटना के संबंध मे बताया जाता है कि दो दिन पहले गांव में नाच चल रहा था। इसी बीच घायल महिला प्रेमा देवी के बेटे के साथ मारपीट की गई थी, हालांकि बीच-बचाव के बाद ग्रामीणों द्वारा नाच वाले मामला को शांत करा दिया गया था। लेकिन शनिवार सुबह उन्हीं लोगों ने प्रेमा देवी के घर पर आकर गोलीबारी करना शुरु कर दी। पुलिस फिलहाल मामले की पड़ताल कर रही है।
