आवासीय कॉलोनी में चल रहीं 2 अवैध फैक्ट्री एनजीटी के आदेश पर सील

जोधपुर । नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल के आदेश पर पुलिस कमिश्नरेट में गठित स्पेशल टास्क फोर्स द्वारा अवैध रूप से संचालित हो रही फैक्ट्रियों के खिलाफ कार्रवाई का क्रम मंगलवार को भी जारी रहा। एसटीएफ टीम ने शास्त्रीनगर थानांतर्गत मिल्कमैन कॉलोनी में कार्रवाई कर दो फैक्ट्रियां सील की हैं। पुलिस कमिश्नर बीजू जॉर्ज जोसफ ने बताया कि एनजीटी के आदेशों की पालना के तहत एसटीएफ के प्रभारी एडीसीपी कैलाशसिंह सांदू की अगुवाई में एसआई माधाराम सहित अन्य की टीम ने आवासीय कॉलोनी मिल्कमैन कॉलोनी गली नंबर 13 में अवैध रूप से फैक्ट्री चलाने वाले संचालक रामाराम पटेल (30) पुत्र जवानराम की फैक्ट्री को सील किया। इसी तरह, उसी गली में खेमे का कुआं निवासी खींवराज गहलोत के भूखंड पर भी रामाराम पटेल दूसरी फैक्ट्री चला रहा था। ये भी पूरी तरह अवैध रूप से ही चलाई जा रही थी। इन दोनों टेक्सटाइल फैक्ट्रियों से निकलने वाला प्रदूषित पानी भी पाले में ही बहाया जा रहा था। ये प्रदूषित पानी शोभावतों की ढाणी होते हुए जोजरी नदी में जा रहा है। टीम ने यहां से कपड़ा परिवहन में प्रयुक्त होने वाले ट्रैक्टर-ट्रॉली को भी जब्त किया है। दोनों ही फैक्ट्री के संचालक रामाराम पटेल और भूखंड मालिकों के खिलाफ आईपीसी व एनवायरो मेंटल प्रोटेक्शन एक्ट के तहत आपराधिक केस दर्ज करवाया गया है। 

Leave a Reply