44 BJP सांसदों से मिले पीएम मोदी, 40 से ऊपर के सांसद फिट रहें, हैल्थ चैकअप कराएं

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इन दिनों अपनी पार्टी के सांसदों से अलग-अलग भेंट कर रहे हैं. बुधवार को उन्होंने 44 एससी एसटी सांसदों से मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने अपने सांसदों से फिट रहने को कहा. साथ ही उन्होंने कहा, चालीस से ऊपर के सांसद लगातार अपना हैल्थ चेकअप कराते रहें. उन्होंने सांसदों की सेहत के बारे में अपनी चिंता व्यक्त की.
पीएम मोदी ने कहा राष्ट्र सेवा के लिए स्वस्थ शरीर सबसे ज्यादा जरूरी है. खराब स्वास्थ्य के कारण ही हमारे कई साथी असमय ही साथ छोड़ गए. इससे पहले पीएम मोदी ने बीजेपी के अनुसूचित जाति के सांसदों से बैठक में उनका परिचय जाना. उन्होंने सांसदों से कहा, वह अपना विस्तार से परिचय दें.
बता दें कि इस बार 46 एससी सांसद चुन कर आए हैं. पीएम ने सांसदों से पूछा कि उन्होंने अपने क्षेत्रों में क्या सामाजिक कार्य कराए हैं, इसकी जानकारी भी पीएम ने सांसदों से विस्तार से ली. पीएम ने सांसदों से पूछा कि संसदीय क्षेत्र में सामाजिक पहचान कैसी है?
इस बार बीजेपी के एससी सांसदों में डॉक्टरों की संख्या काफी ज्यादा है. बुधवार को पीएम मोदी ओबीसी सांसदों से मिले थे. अब वह महिला, युवा और नए सांसदों से मुलाकात करेंगे.
