राजधानीवासी बिजली की आंख मिचौली से परेशान

भोपाल । राजधानीवासी इन दिनों बिजली की आंख मिचौली से परेशान है। बिजली कब गुल हो जाएगी, कुछ कहा नहीं जा सकता। बिजली गुल होने के कारण सर्वाधिक परेशानी रात के समय में होती है, जब अचानक लाइट चली जाती है। लोग गरमी/उमस के इस मौसम में ठीक से सो भी नहीं पा रहे हैं। आंधी चलने के साथ ही मंगलवार शाम को शहर के कई हिस्सों की सप्लाई बंद हो गई। इस बीच शिकायत नंबर ज्यादातर समय इंगेज आए। उपाए मोबाइल ऐप ने भी काम नहीं किया। इसके कारण कई उपभोक्ता शिकायत नहीं कर सके। बिजली गुल होने के कारण परेशान होना पड़ा। हालांकि शाम 7.30 बजे के बाद ज्यादातर हिस्सों की सप्लाई बहाल हो गई। आंधी शुरू होते ही होशंगाबाद रोड समेत आसपास के क्षेत्रों में शाम 6.30 बजे के करीब बिजली सप्लाई बंद हो गई, जो रात 7.30 बजे के बाद बहाल हुई।कोलार के कई क्षेत्रों में शाम 6 बजे से सप्लाई बंद थी, जो रात 7.15 बजे के करीब बहाल हुई। तब तक लोगों को परेशान होना पड़ा। बताया जाता है कि क्षेत्र में आंधी चलने के पहले से सप्लाई प्रभावित हो रही थी। कोलार के दानिश कुंज क्षेत्र में रहने वाले डॉ. हरेंद्र सोढी ने बताया कि बिजली गुल के दौरान उपाए एप पर शिकायत भी दर्ज नहीं हुई।
चांदबड़ क्षेत्र में भी बिजली गुल हुई, जो 7 बजे के करीब बहाल हुई। उपभोक्ताओं ने बताया कि इन क्षेत्रों में जब तक बिजली सप्लाई गुल रही, तब तक शिकायत नंबर 1912 पर संपर्क नहीं हुआ। ज्यादातर समय नंबर इंगेज आता रहा। आंधी के कारण पुराने भोपाल क्षेत्र में भी बिजली गुल हो गई थी। कई क्षेत्रों में रात 8.40 बजे तक सप्लाई बहाल नहीं हुई। अंधेरे में लोगों को अधिक परेशान होना पड़ा। बुधवार को नए भोपाल के अशोकागार्डन क्षेत्र में रात करीब तीन बजे एक घंटे के लिए लाइट चली गई। इस समय लोग गहरी नींद में थे, बिजली जाते है लोगों की नींद खुल गई और वे बिजली विभाग को कोसने लगे। इस दौरान ना तो आंधी आई और ना ही पानी गिर रहा था, फिर भी बिजली चली गई। गुरुवार सुबह एमपी नगर जोनवन क्षेत्र में कई ऑफिसों वोल्टेज नहीं होने की शिकायत आई। वोल्टेज के अभाव में लोगों ने कूलर व पंखे व कंप्यूटर ऑन नहीं किए।यह समस्या सुबह करीब 12 बजे तक रही। आजकल क्षेत्र में बिजली गुल होना आम बात हो गई है, और शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान भी नहीं हो रहा है। इधर, आंधी का असर कम होते ही बिजली कंपनी के एमडी विशेष गढ़पाले ने शाम 7 बजे के बाद शहर में बिजली सुधार कार्य शुरू करवा दिया था, जो रात 12 बजे तक चला। इसके पहले ही कई क्षेत्रों की सप्लाई बहाल कर दी गई थी।
