रायडू के संन्यास के लिए बीसीसीआई दोषी : गंभीर

लंदन ।  पूर्व क्रिकेटर गौतम गंभीर ने बल्लेबाज अंबाती रायडू के अचानक लिए गए संन्यास के लिए बीसीसीआई और चयनकर्ताओं को जिम्मेदार बताया है। गंभीर ने चयनकर्ताओं के शर्मनाक भी करार दिया है। गंभीर का कहना है कि चयनकर्ताओं द्वारा नजरअंदाज किए जाने के कारण ही रायडू को 33 साल की उम्र में ही खेल को अलविदा कहना पड़ा है। चयनकर्ताओं ने विश्व कप के लिए अंबाती रायडू को 15 सदस्यीय टीम में शामिल नहीं किया था। उन्हें रिजर्व खिलाड़ियों में जगह दी गई थी। इसके बाद शिखर धवन और विजय शंकर के चोटिल होने के बावजूद उन्हें टीम में मौका नहीं दिया गया। ऐसे में निराश होकर रायडू को मजबूरन संन्यास लेना पड़ा है। 
पूर्व क्रिकेटर और सांसद गंभीर ने इस मसले पर ट्वीट किया। उन्होंने लिखा, ‘मुझे लगता है कि इस विश्व कप में चयनकर्ता पूरी तरह से निराश होंगे। रायडू का संन्यास लेने का कारण वे ही हैं। पूर्व ओपनर ने चयनकर्ताओं को आड़े हाथें लिया और कहा, ‘ इन पांच चयनकर्ताओं ने मिलकर भी उतने रन ही बनाए होंगे, जितने की रायडू ने अपने करियर में अकेले बनाए हैं। उनके संन्यास लेने से मैं भी निराश हूं।’ अंबाती रायडू ने भारत के लिए अब तक 55 मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 47.05 के औसत से 1694 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने तीन शतक और 10 अर्धशतक भी बनाए हैं।  गंभीर ने आगे कहा, ‘विश्व कप में चोटों के बीच ऋषभ और मयंक को टीम में शामिल किया गया। ऐसे में रायडू की जगह कोई भी होता तो उन्हें भी बुरा लगता। उनके जैसे क्रिकेटर ने आईपीएल और देश के लिए अच्छा प्रदर्शन किया है।’ उन्होंने कहा, ‘तीन शतक और 10 अर्धशतक लगाने के बावजूद अगर एक खिलाड़ी को जगह न मिलने के कारण संन्यास लेना पड़ता है तो यह भारतीय क्रिकेट के लिए अच्छा संकेत नहीं है।’ 

Leave a Reply