भाजपा ने राज्यसभा चुनाव के लिए पार्टी विधायकों को व्हीप जारी किया

अहमदाबाद | गुजरात में राज्यसभा की रिक्त दो सीटों पर 5 जुलाई को होने वाले चुनाव के लिए भाजपा ने अपने विधायकों को व्हीप जारी कर दिया है| राज्यसभा चुनाव से पहले गुरुवार की शाम गुजरात विधानसभा के कोन्फरन्स होल में भाजपा की खास बैठक हुई है| जिसमें मुख्यमंत्री विजय रूपाणी, उप मुख्यमंत्री नितिन पटेल, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष जीतु वाघाणी समेत राज्यसभा के उम्मीदवार एस जयशंकर और जुगलजी ठाकोर मौजूद रहे| राज्यसभा चुनाव दो अलग अलग बेलेट पर होने से संख्याबल को देखते हुए भाजपा की जीत निश्चित है| इसके बावजूद भाजपा ने अपने सभी विधायकों को पार्टी उम्मीदवार के पक्ष में वोटिंग करने के लिए एक पंक्ति व्हीप जारी किया| भाजपा की बैठक में एक चेहरे ने सभी को चौंका दिया| वह चेहरा है पोरबंदर के कुतियाणा से एनसीपी विधायक कांधल जाडेजा| कांधल जाडेजा के भाजपा की बैठक में शामिल होने से तय है कि वह भी भाजपा उम्मीदवार का समर्थन कर सकते हैं| इसके अलावा कांग्रेस के तीन विधायकों के भी क्रास वोटिंग करने की संभावना है| बता दें कि क्रास वोटिंग के डर से कांग्रेस ने अपने सभी विधायकों को बनासकांठा के पालनपुर स्थित बालाराम रिसोर्ट ले गई| जिसमें अल्पेश ठाकोर, धवलसिंह झाला और भरतसिंह डाभी शामिल नहीं हैं|
