राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस क्रास वोटिंग का कोई डर नहीं : अमित चावड़ा

अहमदाबाद | राज्यसभा चुनाव में क्रास वोटिंग के डर से अपने विधायकों को पालनपुर के बालाराम रिसोर्ट ले गई कांग्रेस ने दावा किया है कि उसे इसका कोई डर नहीं है| बता दें कि 5 जुलाई यानी कल गुजरात में राज्यसभा की दो रिक्त सीटों पर चुनाव है|
मतदान से पूर्व विधायकों के टूटने के डर से कांग्रेस अपने सभी विधायकों को बनासकांठा जिले के पालनपुर स्थित बालाराम रिसोर्ट ले गई है| जहां विधायकों को राज्यसभा चुनाव में मतदान के बारे में मार्गदर्शन दिया गया| कांग्रेस के उम्मीदवार चंद्रिकाबेन चूडास्मा और गौरव पंड्या की मौजूदगी में एक नहीं बल्कि मोकपोल किया गया| मीडिया से बातचीत में गुजरात प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमित चावड़ा ने दावा किया कि उन्हें क्रास वोटिंग का कोई खतरा नहीं है| उन्होंने कहा कि कांग्रेस के सभी विधायकों को राज्यसभा के चुनाव में मतदान के बारे में मार्गदर्शन के लिए बालाराम रिसोर्ट लाया गया है और सभी अपनी स्वैच्छा से आए हैं| चावड़ा ने दावा किया कि नेता प्रतिपक्ष परेश धानाणी, विधायक अल्पेश ठाकोर और धवलसिंह झाला के लगातार संपर्क में हैं| उन्होंने कहा कि कल कांग्रेस के सभी विधायक कांग्रेस के उम्मीदवारों के पक्ष में वोटिंग करेंगे| गौरतलब है कांग्रेस के 71 विधायकों में से 61 विधायक बालाराम रिसोर्ट में ठहरे हैं| शेष 10 विधायकों में से अल्पेश ठाकोर समेत 6 विधायक आज की कार्यशाला में उपस्थित नहीं थे| जबकि चार विधायक प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की अनुमति से कार्यशाला में शामिल नहीं हुए| जिसमें भीखाभाई जोशी, विक्रम माडम और ग्यासुद्दीन शेख शामिल हैं|
