हिण्डौन से अपहृत नाबालिग किशोरी मध्य प्रदेश से बरामद, 4 आरोपी गिरफ्तार

हिण्डौन सिटी: हिण्डौन नई मंडी थाना क्षेत्र से अपहृत नाबालिग किशोरी को पुलिस ने मध्य प्रदेश में बरवासन के जंगलों से बरामद किया है. बताया जा रहा है कि प्रेमी के चंगुल में फंसी किशोरी को तीन बार अलग-अलग व्यक्तियों को बेचा गया तथा उसके साथ कई बार दुष्कर्म भी किया. पुलिस ने मामले में 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. वहीं दो अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है.
जानकारी देते हुए हिण्डौन पुलिस उपाधीक्षक सांवरमल नागोरा ने बताया कि हिंडौन सिटी के हजरिया की कोठी क्षेत्र से 28 मई को नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर अपहरण करने का मामला परिजनों ने 4 जून को दर्ज करावाया था. जिसके बाद शक की बुनियाद पर अशोक सैनी नामक युवक को गिरफ्तार किया गया. पुलिस की पूछताछ में अशोक सैनी इस घटना में निर्दोष निकला. जिसके बाद पुलिस ने अन्य लोगों से पूछताछ की.
उन्होंने बताया कि मोबाइल कॉल डिटेल खंगालने के दौरान पूर्व में किशोरी के पड़ोस में रहने वाले धौलपुर जिले के निवासी अक्खे पाल गुर्जर का नाम सामने आया. जिसके बाद नई मंडी थाना के कार्यवाहक थानाधिकारी रामस्वरूप जादौन व उनकी टीम ने अक्खेपाल को दबिश देकर गिरफ्तार किया. गिरफ्तारी के बाद उसने बताया कि अपने साथी प्रदीप गुर्जर के साथ किशोरी को 10 दिन तक रखा तथा उसके बाद धौलपुर जिले के बसई डांग निवासी 60 वर्षीय आसाराम व उसके साथी राजू गुर्जर को 2 लाख में बेच दिया. जिसके बाद पुलिस ने दबिश देकर आसाराम व राजू गुर्जर को गिरफ्तार किया.
पुलिस को आसाराम व राजू गुर्जर की गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में जानकारी मिली की लड़की को कुछ दिन अपने साथ रखकर उन्होंने राजू के मामा रामफल निवासी मुरैना मध्य प्रदेश को 3 लाख 30 हजार में बेच दिया. पुलिस ने रामफल की तलाश में कई जगह दबिश दी लेकिन आरोपी नहीं मिला. जिसके बाद परिजनों पर शिकंजा कस सख्ती से पूछताछ की तो पता चला कि रामफल ने लड़की को 4 लाख रुपये में बेच दिया और उसने किशोरी को चंबल नदी के पास स्थित बरवासन के जंगलों में एक कच्चे मकान में बंधक बनाकर रखा है. जिस पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर किशोरी को बरामद कर लिया.
पुलिस ने पूरे मामले में चार आरोपी अक्षय पाल गुर्जर, प्रदीप गुर्जर, आसाराम व राजू गुर्जर को गिरफ्तार किया है. वहीं रामफल व लड़की को सबसे अंतिम बार खरीदने वाले आरोपी की तलाश जारी है. पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराकर मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी है.
