आदिवासी विकास मंत्री श्री मरकाम द्वारा गांधी नगर गोंड बस्ती का निरीक्षण

आदिवासी विकास मंत्री श्री ओमकार सिंह मरकाम ने आज गांधीनगर स्थित गोंड बस्ती का अवलोकन किया। बस्ती में व्याप्त गंदगी, राशन कार्ड, विकलांग प्रमाण-पत्र, रहवासियों की समस्याओं आदि के निराकरण के लिए उन्होंने आयुक्त नगर निगम को निर्देशित किया।
निरीक्षण के पहले श्री मरकाम ने गोंड बस्ती के नवनिर्मित प्रवेश द्वार का लोकार्पण किया। निरीक्षण के दौरान श्री मरकाम ने अपने पूर्व में दिये निर्देश की समीक्षा की। उन्होंने अधूरे कामों को शीघ्र पूरा किए जाने के निर्देश देते हुए बस्ती में गंदगी पर नाराजगी जतायी। श्री मरकाम ने बस्ती के कच्चे नाले को पक्का करने के निर्देश दिए।
बस्ती के अध्यक्ष ने बताया कि बस्ती में लगभग 20 से 22 विधवा महिलाओं को विधवा पेंशन का लाभ पेंशन प्रमाण-पत्र के अभाव में अभी तक नहीं मिल पाया है। इसी तरह 12 नि:शक्त महिलाओं को भी प्रमाण-पत्र न बन पाने से नि:शक्तजन पेंशन का लाभ नहीं मिल सका है। बस्ती में कई लोगों के पास राशन कार्ड नहीं होने से वे आधार कार्ड आदि महत्वपूर्ण दस्तावेज नहीं बनवा पा रहे हैं। पक्के मकानों के लिए आवास योजना के आवेदनों पर भी कार्यवाही लंबित है।
श्री मरकाम ने इन सभी समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने बस्ती में स्वास्थ्य सुविधाओं के संबंध में भी ठोस कार्यवाही के लिए सीएमओ को निर्देशित किया।
