पाक एंकर ने ऐपल इंक को समझा सेब, उड़ा मजाक

इस्लामाबाद । पाकिस्तानी न्यूज चैनल पर चल रही एक लाइव चर्चा के दौरान एक एंकर से ऐसी चूक हो गई कि सोशल मीडिया पर उनका माखौल बन गया। लोग उनपर मीम्स बना-बनाकर उनकी खिंचाई कर रहे हैं। दरअसल, यह एक बिजनस से जुड़ा कार्यक्रम था। इस दौरान विशेषज्ञ एंकर को बताते हैं कि अमेरिकी मल्टीनैशनल कंपनी ऐपल के कारोबार की बात करें तो वह पाकिस्तान के पूरे बजट से कहीं ज्यादा है और इसी बीच एंकर उन्हें टोकते हुए कहती हैं, हां, मैंने भी सुना है कि सेब की कई किस्में होती हैं और अच्छा कारोबार कर रही हैं। इस पर विशेषज्ञ तपाक से टोकते हुए कहते हैं, मैं ऐपल कंपनी की बात कर रहा हूं, फल की नहीं। इतना सुनने के बाद एंकर की शक्ल उतर गई और बेहद शर्मिंदा हो गईं। उधर, जिन लोगों ने इस टीवी डिबेट को लाइव देखा उन्होंने इसका क्लिप सोशल मीडिया पर डालकर एंकर का जमकर मजाक उड़ाया।
