भारी बारिश के चलते दक्षिण गुजरात की सभी नदियां उफान पर

अहमदाबाद | गुजरात की 54 तहसीलों में सुबह 6 से शाम 4 बजे तक हुई अतिभारी बारिश से दक्षिण गुजरात की सभी नदियां उफान पर हैं| स्टेट इमर्जंसी सेंटर के मुताबिक सबसे अधिक बारिश वलसाड जिले की उमरगाम तहसील में 9 ईंच बारिश ने जनजीवन अस्त व्यस्त कर दिया है| वलसाड जिले के वापी में पांच और नवसारी जिले के खेरगाम में चार ईंच से ज्यादा बारिश हुई है| दक्षिण गुजरात में सबसे अधिक बारिश वलसाड की सभी तहसीलों में दर्ज हुई है| दक्षिण गुजरात की चार तहसीलों में चार ईंच से ज्यादा बारिश हुई है| सिलवासा में पिछले 30 घंटों में 16 ईंच बारिश दर्ज हुई| मधुबन डेम के कैचमेंट क्षेत्र में दो लाख क्यूसेक से भी अधिक जलराशि की आय हुई है| मधुबन डेम के सात दरवाजे खोलकर डेढ़ से दो लाख क्यूसेक पानी दमणगंगा नदी में छोड़ा जा रहा है| भारी बारिश और मधुबन डेम से पानी छोड़े जाने के कारण दमणगंगा नदी उफान मार रही है| नदी का जलस्तर बढ़ने से सिलवासा-भिलाड नेशनल हाईवे को जोड़ते पुराने ब्रिज को यातायात के बंद कर दिया गया है और अन्य पुल पर अस्थायी व्यवस्था की गई है| मधुबेन डेम में पानी छोड़े जाने के बाद निचले इलाकों को अलर्ट कर दिया है| किसी भी अनिच्छनीय घटना से निपटने के लिए प्रशासन को भी सतर्क कर दिया गया है| जरूरत पड़ने पर निचले इलाकों के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाने का प्रशासन को आदेश दिया गया है| जिसके लिए निकट की स्कूलों को स्टेन्ड बाय रखा गया है| वलसाड जिले में भारी बारिश हो रही है| साथ ही ऊपरी हिस्से में हो रही भारी बारिश के कारण जिले के मधुबन डेम का जलस्तर 74.20 मीटर पर पहुंच गया है| डेम में 146624 क्यूसेक पानी की आय हो रही है और 97111 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है| डेम के 7 दरवाजे 5.20 मीटर तक पानी की निकासी की जा रही है| दमणगंगा नदी में बाढ़ से हालात को देखते हुए किनारे के गांवों को सतर्क रहने की चेतावनी दी गई है| डांग में भारी बारिश के कारण चेकडेम पानी से लबालब हो गए हैं| महुवा तहसील का मधर इंडिया डेम भी भारी बारिश में ऑवरफ्लो हो गया है| ऊपरी हिस्से में भारी बारिश होने से अंबिका नदी उफान पर है| दूसरी ओर मध्य प्रदेश में हो रही बारिश के चलते दक्षिण गुजरात के सरदार सरोवर नर्मदा बांध के जलस्तर में भी वृद्धि हो रही है| पिछले 24 घंटे में नर्मदा बांध के जलस्तर में 33 सेन्टीमीटर का इजाफा हुआ है| फिलहाल नर्मदा बांध में 31131 क्यूसेक पानी की आय हो रही है| जबकि बांध से 6678 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है| नर्मदा बांध में दो साल चले इतनी जलराशि उपलब्ध है| मध्य गुजरात के दाहोद जिले में मेघा दिल खोलकर बरस रहा है| जिले की नदी और नाले ऑवरफ्लो हो रहे हैं| दाहोद शहर का झाब तालाब पानी से लबालब हो गया, जिससे स्थानीय लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई है| 

Leave a Reply