लूटपाट कर व्यवसायी सहित दो को मारी गोली, एक की मौत

वैशाली । बिहार के वैशाली में अपराधियों के दोहरी घटना को अंजाम देने का मामला सामने आया है। यहां दो लोगों को निशाना बनाते हुए अपराधियो ने गोलीबारी की, जिसके बाद एक शख्स की मौत हो गई, वहीं दूसरा जख्मी हो गया। पहली घटना सदर थाना के मनवा की है, जहां अपराधियों ने पुलिस चौकसी को धत्ता बताते हुए बाइक लूट के दौरान एक युवक को गोली मारकर हत्या कर दी। जानकारी के अनुसार तीन की संख्या में आए अपराधियों ने ओवरटेक करते हुए युवक से बाइक लूट ली। इतना ही नहीं विरोध करने पर गोली मार दी, जिससे युवक की मौत मौके पर ही हो गई। पुलिस फिलहाल इस मामले की छानबीन में जुटी है, लेकिन घटना को लेकर स्थानीय लोगों में पुलिस के खिलाफ भारी आक्रोश है। दूसरी घटना वैशाली के ही लालगंज की है, जहां बेखौफ अपराधियों ने किराना व्यवसाई को गोली मारकर घायल कर दिया। दुकान बंद कर अपने घर लौट रहे व्यवसायी ब्रजकिशोर सिंह से तीन संख्या में आए हथियारबंद अपराधियों ने उनकी बाइक छीनने का प्रयास किया और विरोध करने पर गोली मारकर फरार हो गए। घटना के बाद ब्रजकिशोर सिंह को निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। वैशाली में लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं को लेकर व्यवसायियों में खासा आक्रोश है वहीं अभी तक पुलिस को अपराधियों के बारे में कोई सुराग नहीं मिल सका है।
