कंगना का ब‎हिष्कार करेंगे जर्नलिस्ट्स

मुंबई । बॉलीवुड की अ‎भिनेत्री कंगना रनौत और राजकुमार राव स्टारर 'जजमेंटल है क्या' फिल्म के प्रमोशन के दौरान कंगना का एक पत्रकार से बदसलूकी करना अब उनके लिए मुश्किल बनता जा रहा है। एंटरटेनमेंड जर्नलिस्ट गिल्ड ने कंगना रनौत की मीडिया कवरेज ना करने और उनका ब‎हिष्कार करने का ऐलान किया है। गिल्ड ने उनसे सार्वजनिक तौर पर माफी की मांग की है। गिल्ड के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को फिल्म निर्माता एकता कपूर के साथ बैठक कर उन्हें इस बात की जानकारी दी। बैठक में मौजूद रहे पत्रकारों ने कहा कि गिल्ड के सदस्यों ने एकता और कंगना से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने के लिए कहा है। पत्रकार ने कहा कि कंगना की आगामी फिल्म 'जजमेंटल है क्या' की ‎निर्माता एकता ने माफीनामा जारी करने पर सहमति जताई और रविवार की घटना को लेकर खेद प्रकट किया। घटना को लेकर सोशल मीडिया पर कंगना के खिलाफ विवाद खड़ा हो गया था।
प्रतिनिधिमंडल ने एकता को लिखे पत्र में कहा ‎कि हमने एक गिल्ड के रूप में मिलजुलकर कंगना का बहिष्कार करने और उन्हें मीडिया कवरेज नहीं देने का फैसला किया है। बहिष्कार का फिल्म और उसकी बाकी टीम पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। पत्रकारों ने एकता से कहा कि जब तक कंगना रविवार की घटना के लिए माफी नहीं मांग लेतीं, तब तक वह भविष्य के उनके कार्यक्रमों का बहिष्कार करते रहेंगे। दरअसल कंगना और राजकुमार के प्रेस कॉन्फ्रेंस में एक रिपोर्टर की कंगना से बहस हो गई। एक रिपोर्टर ने जब कंगना से सवाल पूछना चाहा तो उन्होंने रिपोर्टर पर उनके खिलाफ कैंपेन चलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि वह उस रिपोर्टर ने मणिकर्णिका के समय कंगना के बारे में काफी कुछ बुरा-भला लिखा था। हालांकि रिपोर्टर ने कंगना के इस दावे को खारिज कर दिया जिसके बाद वहां काफी हंगामा हुआ।

Leave a Reply