65 महिला प्रोफसरों को धमकी देने वाला आरोपी गिरफ्तार

जयपुर । राजस्थान यूनिवर्सिटी की सभी महिला प्रोफेसर और लेक्चरर फोन बजते ही परेशान हो जाती थी क्योंकि फोन के माध्यम से कोई अंजान उन्हें बलात्कार करने की धमकी देता था। इस अंजान शख्स से परेशान होकर पीडि़त ने पुलिस को इसके बारे में बताया और आरोपी को गिरफ्तार करने का प्लान तैयार किया गया। गौरतलब है कि इस मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है और आरोपी को हिसार से दबोचा गया है। राजस्थान यूनिवर्सिटी की महिला प्रोफेसरों को एक शख्स पिछले कई दिनों से परेशान कर रहा था। उन्हें फोन करके यह शख्स अश्लील बातें करता और बलात्कार की धमकी भी देता था। 
राजस्थान विश्वविद्यालय की 65 महिला प्रोफेसरों ने बलात्कार करने की फोन पर धमकी देने की शिकायत की थी वहीं प्रिंसिपल ने पीडि़त प्रोफेसरों की संख्या 150 होने की बात बताई। अब इस मामले में आरोपी को पुलिस ने हिसार से दबोचा है। आरोपी हिसार के एक विश्वविद्यालय के प्रोफेसर का बेटा है और वह नाबालिग है। आरोपी हिसार की एक यूनिवर्सिटी के वाईफाई का इस्तेमाल कर इंटरनेट कॉल के जरिए राजस्थान यूनिवर्सिटी की महिला प्रोफेसर से गंदी बातें करता था और उनको धमकाता था। इस मामले में पुलिस भी एक बार चौंक गई क्योंकि इंटरनेट कॉल अमेरिका के जरिए रूट होती थी इस वजह से पुलिस आरोपी को पकड़ नहीं पा रही थी हालांकि आरोपी की एक गलती के कारण पुलिस ने इसे धरधबोचा लिया है। दरअसल आरोपी ने जयपुर की एक महिला प्रोफेसर को पार्सल भेजा था और यह पार्सल हैदराबाद से बुक किया गया। जब पुलिस हैदराबाद की कंपनी के पास पहुंची तो पता चला कि यह बुकिंग हिसार के एक विश्वविद्यालय के वाईफाई से हुई थी तब जाकर पुलिस इस नाबालिग को पकड़ पाई।

Leave a Reply