जानकारी आई सामने जल्द लांच हो सकती है नई रेनॉ क्विड

नईदिल्ली । रेनॉ अपनी पॉप्युलर छोटी कार क्विड को नए अवतार में लाने की तैयारी में है। कंपनी इसकी टेस्टिंग कर रही है। नई रेनॉ क्विड प्रॉडक्शन लेवल पर पहुंच गई है, यानी जल्द इसका फाइनल प्रॉडक्शन शुरू होगा। माना जा रहा है कि कंपनी अगले कुछ महीनों में इस लांच करने वाली है। हाल में नई क्विड को फिर टेस्टिंग के दौरान देखा गया, जहां से इसकी तस्वीर भी लीक हुई है। वर्तमान मॉडल की तुलना में नई क्विड की डिजाइन में बदलाव और कई नए फीचर्स मिल सकते है। नई क्विड की डिजाइन इसके इलेक्ट्रिक वर्जन रेनॉ सिटी के-जेडई से प्रेरित होगी, जिसको इस साल शंघाई ऑटो शो में पेश किया गया था। नई क्विड में तीन क्रोम स्लेट्स के साथ नई फ्रंट ग्रिल होगी। कार में एलईडी डीआरएल के साथ स्लीक हेडलैम्प मिल सकते है। इसके अलावा इसमें फॉग लैम्प के लिए नई हाउसिंग, बड़े एयर डैम, नए डिजाइन का बंपर, नए अलॉय वील्ज और एलईडी टेललाइट दिए जाने की संभावना है। नई क्विड का डैशबोर्ड लेआउट वर्तमान मॉडल जैसा ही दिया जा सकता है। मगर अलहोल्स्ट्री में हल्के बदलाव और डैशबोर्ड व डोर पैड्स पर बॉडी कलर फिनिश देखने को मिलेगा। वर्तमान मॉडल में दिए गए 7-इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम की जगह नई क्विड में 8-इंच का इंफोटेनमेंट दिए जाने की उम्मीद है। यह इंफोटेनमेंट सिस्टम कंपनी की आने वाली ट्राइबर कार वाला हो सकता है। क्विड के वर्तमान मॉडल में ड्राइवर साइड एयरबैग और एबीएस सभी वेरियंट में मिलते हैं। नई क्विड में ड्यूल फ्रंट एयरबैग्स, ईबीडी के साथ एबीएस, रियर पार्किंग सेंसर्स और हाईस्पीड अलर्ट जैसे सेफ्टी फीचर्स स्टैंडर्ड यानी सभी वेरियंट में मिल सकते है। टॉप वेरियंट में रियर पार्किंग कैमरा भी होगा।
