नेपाल में बने निम्न दाब से सीमावर्ती इलाकों में भारी बारिश के आसार

भारी बारिश के आसार के बीच नेपाल ने हाई अलर्ट जारी कर दिया है. बताया जा रहा है कि के कई इलाकों में निम्न दाब का क्षेत्र बन रहा है इससे यहां भारी बारिश हो सकती है. नेपाल ने तीन दिनों के लिए पूरे देश में अलर्ट जारी किया है. नेपाली मीडिया के माध्यम से जो सूचना जारी की गई है इसमें भारत-नेपाल के सीमावर्ती इलाकों में अत्यधिक बारिश हो सकती है इससे बिहार के कई सीमावर्ती इलाकों में बाढ़ का खतरा और बढ़ जाएगा.
बता दें कि निम्न दाब क्षेत्र या कम दाब का क्षेत्र उस जगह को कहते हैं, जहां वायुमंडल का दाब आस-पास के क्षेत्र से कम हो जाता है. जब आसपास के क्षेत्र में दाब अधिक होता है, तो वहां की हवा उस निम्न दाब के क्षेत्र में प्रवेश करती है. इसके साथ कई बार बादल भी आ जाते हैं, जो वर्षा के मुख्य कारण बनते हैं. इसके अलावा हवा घूमने लगता है और चक्रवात भी बन जाता है.
बता दें कि भारी बारिश के कारण पहले ही कोसी और गंडक जैसी नदियां उफान पर हैं और अररिया, सुपौल, पूर्णिया, मोतिहारी और बगहा के कई प्रखंडों में बाढ़ जैसे हालात उत्पन्न हो गए हैं.
