स्वास्थ्य राज्य मंत्री सुभाष गर्ग ने टीकाकरण अभियान को बताया मिशन

जयपुर: चिकित्सा एवं स्वास्थ्य राज्य मंत्री सुभाष गर्ग ने 22 जुलाई से प्रदेश भर में चलाए जाने वाले ‘मीजल्स-रूबेला टीकाकरण अभियान‘ को मिशन बनाकर काम करने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि प्रदेश में 9 महीने से 15 वर्ष के सभी बच्चों का टीकाकरण जरूर करवाया जाए ताकि खसरा-रूबेला जैसी बीमारी का उन्मूलन हो और स्वस्थ राजस्थान का निर्माण किया जा सके.
गर्ग शनिवार को मीजल्स-रूबेला टीकाकरण अभियान के तहत यूनिसेफ और एनएचएम की ओर से आयोजित राज्य स्तरीय मीडिया आमुखीकरण कार्यशाला में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे.
डॉक्टरों की सेवानिवृति आयु बढ़ा सकती है सरकार
स्वास्थ्य राज्य मंत्री सुभाष गर्ग ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की ओर से लोगों के लिए जनता क्लिनिक खोलने की घोषणा की तारीफ की. इसके साथ ही डॉक्टरों की कमीं के सवाल पर उन्होंने कहा कि प्रदेश में ही नहीं देशभर में डॉक्टरों की कमी है. सरकार ने जनता को स्वास्थ्य लाभ पहुंचाने के लिए कदम बढ़ाया है. आगे जो समस्याएं आएगी उनका निराकरण होता जाएगा. इसके साथ ही उन्होंने डॉक्टरों की कमीं को दूर करने के लिए कहा कि सरकार डॉक्टरों की रिटायरमेंट आयु बढ़ाने पर भी विचार कर रही है. इसके साथ ही रिटायरमेंट डॉक्टरों की सेवाएं लेने पर भी सरकार गंभीरता से विचार कर रही है. उन्होंने कहा कि रिटायरमेंट के बाद डॉक्टर प्राइवेट अस्पतालों की ओर रूख करते हैं. सरकार इनको अटैच कर डॉक्टरों की कमीं पर विकल्प के रूप में देख सकती है.
मीडिया फ्रेंडली रहे अधिकारी
स्वास्थ्य राज्य मंत्री ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी अभियान की सफल बनाने के लिए आवश्यक है कि अधिकारी मीडिया फ्रेंडली बने. गर्ग ने कहा कि मिजल्स रूबेला अभियान को सफल बनाने के लिए आवश्यक है कि स्कूल निदेशक के साथ भी बैठक कर आवश्यक निर्देश दिए.
इस दौरान कार्यशाला में एसीएस मेडिकल रोहित सिंह, अतिरिक्त मिशन निदेशक एसएल कुमावत, आईसीडीएस निदेशक सुषमा अरोडा, केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के उपायुक्त डॉ. प्रदीप हलदर, टीकाकरण के परियोजना निदेशक डॉ. एसके गर्ग सहित अन्य मौजूद रहे.
