रिश्वत लेने के आरोप में केरा गांव का सरपंच गिरफ्तार

कच्छ | कच्छ एन्टी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने जिले के केरा गांव के सरपंच को रु. 80000 की रिश्वत के आरोप में गिरफ्तार कर लिया| दरअसल केरा गांव के एक व्यक्ति ने अपना पुराना मकान तोड़कर उसके स्थान पर दुकानें बनाने की मंजूरी के लिए ग्राम पंचायत में आवेदन किया था| इस मंजूरी के लिए गांव के सरपंच दिनेश महेश्वरी ने व्यक्ति से रु. 80000 की रिश्वत मांग की थी| दिनेश महेश्वरी के जन सेवक के तौर पर अपने पद का दुरुपयोग कर भ्रष्टाचार में लिप्त होने की एसीबी को शिकायत मिली थी| एसीबी ने मामले की गहन जांच की और दिनेश महेश्वरी के खिलाफ रिश्वत मांगने का मामला दर्जकर उसे गिरफ्तार कर लिया| जानकारी के मुताबिक केरा ग्राम पंचायत के सरपंच और उप सरपंच के बीच काफी समय से आंतरिक लड़ाई चल रही है| गत 11 मार्च को सरपंच और उप सरपंच के बीच ग्राम पंचायत के बाहर ही मारपीट हुई थी और दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ पुलिस थाने में रपट दर्ज करवाई थी|
