नायर अस्पताल में रेजिडेंट डॉक्टर पर हमला

मुंबई। डॉक्टरों की सुरक्षा को लेकर भले ही सरकार लाख दावा करे मगर उनपर हमले की घटना थम नहीं रही है. एक बार फिर सरकारी डॉक्टरों पर हमले की घटना सामने आई है. मुंबई महानगरपालिका द्वारा संचालित नायर अस्पताल में रेजिडेंट डॉक्टर पर हमले का मामला सामने आया है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार को एक मरीज के परिजन ने मेडिसिन विभाग के तीन रेजिडेंट डॉक्टरों पर हमला कर दिया. तीन डॉक्टरों में एक महिला डॉक्टर भी है. बताया जा रहा है एक मरीज की मौत के बाद १० से १२ लोगों ने डॉक्टरों के साथ मारपीट की. उन्हें बचने जब सुरक्षा रक्षक आये तो उन्हें भी गुस्साए लोगों ने पीट दिया. महाराष्ट्र असोसिएशन ऑफ रेजिडेंट डॉक्टर की अध्यक्ष डॉ. कल्याणी डोंगरे ने बताया कि परिजन न केवल डॉक्टर पर हमला किया, बल्कि अस्पताल की संपत्ति को भी नुकसान पहुंचाया है. इस मामले में कुछ लोगों के खिलाफ अग्निपाड़ा पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज करा दिया गया है.
