अब निगम को टैक्स भरना हुआ आसान, कचरा शुल्क से होगी मोबाइल पेमेंट की शुरुआत

पटना: बिहार में राजधानी के लोगों को एक नई सुविधा मिलने जा रही है. प्रॉपर्टी टैक्स,और हर घर से कचरा उठाने के लिए निगम की तरफ से लागू यूजर चार्ज का भुगतान अब पेटीएम जैसे मोबाइल वॉलेट के जरिए होगा. अगले दो तीन दिनों में इसकी शुरुआत कर दी जाएगी. यानि छोटे से छोटे शुल्क और बड़े से बड़े शुल्क के लिए राजधानी के लोग निगम के काउंटर के चक्कर नहीं लगाएंगे.
पटना नगर निगम हर घर से कचरा उठा रहा है. और निगम कचरा उठाने के एवज में राजधानी के लोगों से यूजर चार्ज यानि एक तरह से टैक्स वसूलने जा रहा है. जनवरी 2019 से पटना नगर निगम के क्षेत्र में आने वाले लोगों को टैक्स देना होगा. ऐसे में सवाल ये उठ रहा था कि आखिर 30 रूपए जैसे मामूली शुल्क के भुगतान के लिए भी लोग निगम के काउंटर का चक्कर क्यों लगाएं.
लेकिन अब कचरे उठाने के एवज में लिए जाने वाले यूजर चार्ज का भुगतान पेटीएम जैसे मोबाइल वॉलेट से भी होगा. यानि राजधानी के लोग मोबाइल से भी चंद मिनटों में गारबेज कलेक्शन यूजर चार्ज, प्रॉपर्टी टैक्स का भुगतान कर सकेंगे. पटना नगर निगम की इस पहल का राजधानी के लोग स्वागत कर रहे हैं और उनके मुताबिक, बिल का ऑनलाइन पेमेंट से निगम या निगम अंचल जाने का चक्कर खत्म हो जाएगा.
पटना नगर निगम मोबाइल वॉलेट के जरिए टैक्स भुगतान देने की सुविधा पर काफी पहले से विचार कर रहा था. पटना नगर निगम की जनसंपर्क अधिकारी हर्षिता के मुताबिक, अगर मोबाइल वॉलेट से पेमेंट भुगतान की सुविधा सफल हो गई तो दूसरे टैक्सों का भुगतान भी लोग ऑनलाइन या पॉस मशीनों के जरिए कर सकेंगे. अगले दो तीन दिनों में मोबाइल वॉलेट से कूड़ा उठाव शुल्क और प्रॉपर्टी टैक्स की सुविधा शुरू की जाएगी.
निगम ने मोबाइल वॉलेट से भुगतान के लिए निजी कंपनी से समझौता किया है और निगम का एकाउंट भी खुल चुका है.कचरा उठाने वाली गाड़ियों में संबंधित कंपनी का बारकोड लगाया जा रहा है ताकि लोग स्कैन कर शुल्क अदा कर सकें.इसके साथ ही मोबाइल वॉलेट के अलावा ऑनलाइन, पॉस मशीन और रसीद के जरिए भी शुल्क भुगतान की व्यवस्था होगी.कचरा उठाने वाली गाड़ियों को पॉस मशीनों से लेस किया जाएगा और कूड़ा उठाने वाले मजदूरों को इसकी ट्रेनिंग दी जाएगी. दूसरी तरफ निगम ने टलों, रेस्टरोरेंट, दुकानदार, स्ट्रीटवेंडर, धर्मशाला और होटल, कोचिंग जैसे संस्थानों से लिए जाने वाली यूजर फीस भी निर्धारित कर दी है.
कचरा उठाने के लिए अलग-अलग संस्थानों की फीस
हर घर 30 रूपए
स्लम-बीपीएल मुफ्त नहीं
मिठाई दुकान 100 रूपए
ढाबा-कॉफी हाउस 100 रूपए
रेस्टोरेंट,गेस्ट हाउस 500 रूपए
स्टार होटल 5000 रूपए
व्यवसायिक,सरकारी कार्यालय 500 रूपए
कोचिंग,शैक्षणिक संस्थाएं 500 रूपए
गोदाम,कोल्ड स्टोरेज 2500 रूपए
