शक के चलते युवक ने किया मां और मौसी पर हमला

हिसार । हिसार जिले में रिश्तों के बीच हुई कड़वाहट का एक हिला देने वाला मामला सामने आया है। मामला जिले के मंडी आदमपुर के गांव कोहली का है, जहां एक बेटे ने अपनी मां और मौसी के चरित्र पर शक होने पर मां और मौसी पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। इस हमले में मौसी की मौके पर मौत हो गई, जबकि मां गंभीर रूप से घायल हो गई , जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मृतक महिला के बेटे के अनुसार राजगढ़ निवासी आरोपी युवक चिनाई मिस्त्री है। रविवार को वह अपनी पत्नी के साथ मां से मिलने गांव में आया था। वहीं सोमवार को आरोपी बेटे ने शराब के नशे में मां व मौसी के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और विवाद इतना बढ़ा कि पास में ही पड़ी लोहे की रॉड से अपनी मौसी पर हमला कर दिया। इस दौरान बीच-बचाव करने आई अपनी मां पर भी आरोपी ने हमला कर दिया। वहीं घटना के दौरान शोर-शराबे से आस-पास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है। फिलहाल पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
