गंदे पानी की आपूर्ति के खिलाफ ग्रामीणों का प्रदर्शन, सरकार से की मांग

घड़साना: घडसाना तहसील के सताईया गांव में पेयजल की समस्या से ग्रामीण परेशान हैं. स्थानीय लोगों को बदबूदार पानी पीना पड़ रहा है. पिछले 6 माह से गांव में पानी की आपूर्ति की व्यवस्था ठप रहने के कारण महिलाएं जलयोजना से पानी लाने को मजबूर है.
इससे नाराज ग्रामीणों ने ग्रामीण जलयोजना परिसर में मंगलवार को एकत्रित होकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की. इस दौरान ग्रामीणों ने पेयजल समस्या को जल्द दूर करने की मांग भी की. मीडिया से बातचीत में ग्रामीणों ने बताया कि जलयोजना का फिल्टर प्लांट वर्षों से खराब पड़ा है.
ग्रामीणों का कहना है कि मजबूरी में जलयोजना का पानी पीना पड़ता है. जिस कारण वे कई बीमारियों का शिकार हो सकते हैं. इसकी शिकायत जनप्रतिनिधियों को करने के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है. प्रदर्शन के दौरान अलीशेर, कालु खान, महेन्द्र, रामकुमार, श्रवण सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे.
