स्कूल के छात्र को किया अगवा, घरवालों को किया फोन और मांगी इतने लाख रुपये की फिरौती

बाराबंकी: स्कूल जा रहे कक्षा तीन के छात्र का उसके मामा ने अपहरण कर लिया. बच्चे को छोड़ने के लिए आरोपित ने अपने पिता को फोन कर 20 लाख फिरौती मांगी. इस फोन के बाद परिवारजन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. एएसपी आरएस गौतम के नेतृत्व में टीमों का गठन किया गया. सर्विलांस की मदद से पुलिस ने बच्चे को हरदोई के संडीला कोतवाली क्षेत्र के बांगरमऊ इलाके में सकुशल बरामद कर राहत की सांस ली. हालांकि आरोपित का पता नहीं लग सका है.
फतेहपुर थाना क्षेत्र के ग्राम नहरवल निवासी धर्मेंद्र पटेल का 11 वर्षीय पुत्र आयुष कोतवाली नगर अंतर्गत सफेदाबाद में स्थित एक निजी विद्यालय में कक्षा तीन का छात्र है. वह सफेदाबाद स्थित एक हॉस्टल में अपनी बुआ मानसी व गीता के साथ रहकर पढ़ाई कर रहा है. उसकी दोनों बुआ हिद कॉलेज से नर्सिंग का कोर्स कर रही हैं. सोमवार सुबह साढ़े सात बजे आयुष पैदल स्कूल जा रहा था जिसका रास्ते में ही बाइक सवार उसके मामा ने अपहरण कर लिया.
अपहरण के कुछ देर बाद ही आरोपित ने कोतवाली नगर क्षेत्र के मोहम्मदपुर बंकी निवासी अपने पिता व आयुष के नाना विश्वनाथ को दूसरे नंबर से फोन कर 20 लाख की फिरौती मांगी. जिसके बाद घबराए परिवारजन ने पुलिस को मामले की जानकारी दी. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी आकाश तोमर ने एएसपी उत्तरी, नगर कोतवाल धर्मेंद्र सिंह रघुवंशी व क्राइम ब्रांच को इस ऑपरेशन में लगाया. पुलिस की लगातार मशक्कत के बाद अपहर्ता बच्चे को मंगलवार दोपहर हरदोई जिले के संडीला कोतवाल क्षेत्र के बांगरमऊ में छोड़कर भाग निकले. पुलिस अधीक्षक आकाश तोमर ने बताया कि बच्चे को बरामद कर लिया गया है और आरोपित सगे मामा की तलाश जारी है.
