बेरोजगारी के मुद्दे पर BJP ने सरकार पर लगाया युवाओं से छलावा करने का आरोप

जयपुर: बीजेपी विधायक वासुदेव देवनानी और कालीचरण सराफ ने राजस्थान सरकार पर बेरोजगारों से छलावा करने का आरोप लगाया है. देवनानी ने कहा कि कांग्रेस ने चुनाव से पहले बेरोजगारी भत्ता देने का वादा किया था लेकिन अभी तक वह वादा पूरा नहीं किया है.
उधर प्रश्नकाल में इस मुद्दे पर सवाल लगाने वाले कालीचरण सराफ ने कहा कि सरकार खुद मान रही है कि 10 लाख से ज्यादा बेरोजगार पंजीकृत हैं, लेकिन अभी तक तकरीबन 40000 लोगों को ही भत्ता दिया जा सका है, सराफ ने कहा कि यह भत्ता भी पूर्ववर्ती बीजेपी सरकार के समय तय की गई अलग-अलग योजनाओं के आधार पर दिया गया है.
सराफ ने कहा कि प्रदेश में बेरोजगारों की संख्या सरकार के आंकड़े से कहीं ज्यादा है लेकिन अभी अन्य बेरोजगारों को भत्ता क्यों नहीं दिया यह बड़ा सवाल है? उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपने जन घोषणा पत्र में बेरोजगारों से भत्ता देने का वादा किया था और अब सरकार उस पर खरी नहीं उतर रही.
कांग्रेस विधायक भंवरलाल शर्मा ने सरदार शहर में चोरी के मामले का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने पहले ही इस बात की आशंका जताई थी कि दुष्कर्म के जो आरोप पुलिसकर्मियों पर लगाए गए हैं वे आधारहीन हैं. भंवर लाल शर्मा ने कहा कि जांच में यह साबित भी हो गया कि सामूहिक दुष्कर्म के आरोप आधारहीन थे. हालांकि शर्मा ने इतना जरूर कहा कि पुलिस ने पिटाई की है और इस मामले में दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा.
साथ ही शून्यकाल में विधायक रामलाल शर्मा ने विद्युत घटनाओं के मुद्दे पर उठाया सवाल. रामलाल शर्मा ने प्रदेश में विद्युत घटनाओं को लेकर जताई चिंता. रामलाल शर्मा ने कहा विधानसभा क्षेत्र में और अन्य स्थानों पर हादसे बढ़ रहे हैं. यह हादसे विभाग की लापरवाही से हो रहे है. सरकार को इस मुद्दे पर कदम उठाना चाहिए.
