पंजाब के CM कैप्टन अमरिंदर ने सिद्धू का इस्तीफा स्वीकारा, पहले राहुल गांधी को भेजा था

नई दिल्ली : पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने शनिवार को नवजोत सिंह सिद्धू का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है. सिद्धू ने कुछ दिनों पहले राज्य मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया था. सिद्धू का लंबे समय से मुख्यमंत्री अमरिंदर से मतभेद चल रहा था और हाल ही में मंत्रिमंडल के पुनर्गठन में उनका विभाग बदल दिया गया था, जिसके बाद उन्होंने पहले पार्टी नेता राहुल गांधी को और फिर अमरिंदर सिंह को अपना इस्तीफा सौंप दिया था.
15 जुलाई को नवजोत सिंह सिद्धू ने अटकलों पर विराम लगाते हुए कहा था कि उन्होंने मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह को अपना इस्तीफा भेज दिया है. उन्होंने ट्वीट किया था, "मैंने आज अपना इस्तीफा पंजाब के मुख्यमंत्री को भेज दिया है जो उनके आधिकारिक आवास पर पहुंच गया है."
मुख्यमंत्री हालांकि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करने के लिए दिल्ली गए हुए थे. मुख्यमंत्री ने दिल्ली में कहा था कि सिद्धू ने अपना इस्तीफा उनके आवास पर भेजा है. वह चंडीगढ़ पहुंचकर पहले सिद्धू के इस्तीफा पत्र को पढ़ेंगे फिर कोई फैसला लेंगे.
