बारिश से शहर बेहाल, सड़कें खस्ताहाल

करनाल । हरियाणा के करनाल जिले में हो रहीं बारिश ने नगर वासियों के लिए मुसीबत खड़ी कर दी है। कुछ ही घंटों की बारिश ने स्मार्ट सिटी होने का दावा करने वाले करनाल की पोल खोल दी है। बता दें कि करनाल में हुई झमाझम बारिश से कार गड्ढे में गिर गई है, तो वहीं सड़कें पानी से लबालब हैं। ऐसा ही कुछ हाल यहां के सरकारी स्कूलों में देखने को मिला। क्लासों में पूरी तरह से पानी से भरे पानी के कारण बच्चों को बेंच पर चढ़कर पढ़ाई करनी पड़ रही है। आलम यह है कि मां-बाप को बच्चों को गोद में उठाकर स्कूल से घर और घर से स्कूल ले जाना पड़ रहा है। शहर के इस हाल के बाद में पानी निकलने को लेकर निगमकर्मी जुट गए हैं, लेकिन सड़कों पर भरे पानी और स्कूल की इस व्यवस्था से करनाल वासियों को काफी परेशानी हो रही है। शहर केे सेक्टर 13 में सड़कों पर पानी भरा हुआ है, जहां एक कार गड्ढे में गिर गई है। दरअसल, लंबे समय से यहां सीवरेज का काम चल रहा है, लेकिन इस काम के पूरा नहीं होने के कारण इस इलाके का यही हाल हो गया है। वहीं बांसों गेट स्थित सरकारी स्कूल में दो-दो फुट पानी भरा होने की वजह से स्कूली बच्चों को पढ़ाई करना तो दूर बैठना भी मुश्किल हो गया है। यही वजह है कि स्कूली बच्चों को छुट्टी दे दी गई है।

Leave a Reply