कुमारस्वामी सरकार गिरी, BSP ने अपने इकलौते विधायक को पार्टी से किया निष्कासित

बेंगलुरू: बीएसपी ने कर्नाटक विधानसभा में विश्वास मत के दौरान गैरहाजिर रहने पर अपने इकलौते विधायक को पार्टी से निष्कासित कर दिया है. विश्वास प्रस्ताव पर चार दिनों की बहस के बाद कर्नाटक में एच. डी. कुमारस्वामी सरकार मंगलवार को गिर गई है.
बीएसपी प्रमुख मायावती ने ट्वीट करके कहा, 'कर्नाटक में कुमारस्वामी सरकार के समर्थन में वोट देने के पार्टी हाईकमान के निर्देश का उल्लंघन करके बीएसपी विधायक एन महेश आज विश्वास मत में अनुपस्थित रहे जो अनुशासनहीनता है जिसे पार्टी ने अति गंभीरता से लिया है और इसलिए श्री महेश को तत्काल प्रभाव से पार्टी से निष्कासित कर दिया गया।'
विधानसभा में मंगलवार को मुख्यमंत्री कुमारस्वामी के नेतृत्व में कांग्रेस व जनता दल सेक्युलर (जद-एस) की गठबंधन सरकार विश्वास मत हासिल नहीं कर सकी। 225 सदस्यीय कर्नाटक विधानसभा में विश्वास मत के लिए 20 विधायक सदन में उपस्थित नहीं हुए थे।
विधानसभा अध्यक्ष के. आर. रमेश कुमार ने विश्वास मत के बाद सदन के सदस्यों को बताया कि मुख्यमंत्री एच. डी. कुमार स्वामी विश्वास मत हासिल नहीं कर सके। उन्होंने बताया कि विश्वास मत के पक्ष में 99 जबकि इसके खिलाफ 105 मत पड़े हैं।
हमारे विधायकों ने दिया धोखा: कांग्रेस
कुमारस्वामी सरकार को समर्थन दे रही कांग्रेस ने विश्वासमत हासिल नहीं करने के बाद कहा, हमारे विधायकों ने हमें धोखा दिया. कांग्रेस नेता एच के पाटिल ने कहा- कांग्रेस-जेडीएस विश्वासमत हासिल नहीं कर सकी. यह हार इसलिए हुई क्योंकि हमारे विधायकों ने हमें धोखा दिया है. हम कई चीजों के प्रभाव में आ गए थे. कर्नाटक के लोग इस तरह की घोखेबाजी को सहन नहीं करेंगे.
बीजेपी ने कहा लोकतंत्र की हुई जीत
वहीं बीजेपी नेता बीएस येदियुरप्पा ने कहा, 'यह लोकतंत्र की जीत है.लोग कुमारस्वामी सरकार से तंग आ गए थे. मैं कर्नाटक के लोगों को विश्वास दिलाना चाहता हूं कि विकास का नया दौर अब शुरू होगा. ' हम किसानों को विश्वास दिलाते हैं कि आने वाले दिनों में उन्हें हम और महत्व देंगें. हम जल्द ही एक उचित निर्णय लेंगे.
